कानपुर में उफनाती गंगा में नाबालिग कर रहे स्टंटबाजी:ब्रम्हावर्त घाट से नदी में लगा रहे छलांग

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) कानपुर में बिठूर के ब्रम्हावर्त घाट पर नाबालिग खतरे के निशान पर बह रही गंगा में स्टंटबाजी करते हुए दिखाई दिए। खतरे के निशान पर बह रही गंगा में स्टंटबाजी से कभी भी कोई हादसा हो सकता है। इसके बाद भी इन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। जबकि घाट पर 24 घंटे पुलिस मौजूद रहती है। पब्लिक के लोग भी वीडियो बनाकर नाबालिगों को प्रोत्साहित करते दिखे।

खतरे के निशान पर कानपुर में बह रही है गंगा

कानपुर में गंगा खतरे के निशान पर बह रही हैं। गंगा में इतना पानी है कि कटरी यानी गंगा के किनारे के गांवों काे तेजी से खाली कराया जा रहा है। गंगा के घाटों पर स्नान करने पर रोक लगा दी गई है। इसके बाद भी रविवार को कानपुर के बिठूर स्थित ब्रम्हावर्त घाट पर आठ से दस नाबालिग गंगा में स्टंटबाजी करते दिखे। घाट किनारे मौजूद मंदिर के गुंबद से नाबालिग गंगा में छलांग लगा रहे थे। गिरने या फिर तेज बहाव के चपेट में आने से कोई भी हादसा हो सकता है।

सोशल मीडिया पर भी वीडियो वायरल है। इसके बाद भी बिठूर पुलिस ने एहतियातन कोई कार्रवाई नहीं की। मामले में पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड से बात करने पर उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस थाने की पुलिस को स्टंटबाजी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई स्टंटबाजी करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद भी गंगा के घाटों पर लापरवाही

दो दिन पहले ही भैरव घाट के पास 10 दोस्त नहाने गए थे। दो छात्र नहाने के दौरान डूब गए और आत तक पुलिस दोनों का कोई सुराग नहीं लगा सकी। रोजाना गंगा में हादसों की खबर आ रही है। इसके बाद भी घाटों पर कोई सख्ती नहीं है। लोग नहाने पहुंच जाते हैं और तेज बहाव व गहराई में उतरने से हादसे का शिकार हो जाते हैं।