विस्तारा की मुंबई-दिल्ली उड़ान में हुई घटना:क्रू ने CISF के हवाले किया:हाईजैक की प्लानिंग

# ## National

(www.arya-tv.com) मुंबई में फ्लाइट हाईजैक की बात करने पर एक यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया। वह दिल्ली के लिए उड़ान भरने को तैयार विस्तारा की फ्लाइट में बैठा था। उसने फोन पर किसी से कहा- हाईजैक की सारी प्लानिंग है। उसका सारा एक्सेस है, चिंता मत करना।

यह सुनते ही उसके बाजू में बैठे दूसरे यात्री ने क्रू मेंबर को यह बात बताई। उन्होंने उस संदिग्ध यात्री को CISF के हवाले कर दिया। यह घटना गुरुवार की है। मीडिया में यह जानकारी शुक्रवार को आई।

आरोपी यात्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं
पुलिस के मुताबिक, आरोपी यात्री की पहचान हरियाणा के रितेश जुनेजा के रूप में हुई है। आरोपी यात्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसका 2021 से इलाज चल रहा है। केबिन क्रू की शिकायत पर यात्री के खिलाफ सेक्शन 336 और 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच के बाद रवाना हुई फ्लाइट
घटना मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम 6.30 बजे हुई। आरोपी यात्री कह रहा था कि अहमदाबाद का फ्लाइट बोर्ड करने वाला है। कोई भी दिक्कत हो तो मुझे कॉल करना। घटना के बाद आरोपी को प्लेन से उतारा गया। पूरे प्लेन की जांच करने के बाद बाकी यात्रियों के साथ फ्लाइट को दिल्ली रवाना किया गया।

विस्तारा एयरलाइंस के प्रवक्ता ने की घटना की पुष्टि
विस्तारा एयरलाइंस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया- विस्तारा की UK 996 फ्लाइट में गुरुवार शाम को यह घटना सामने आई थी। हमारी गाइडलाइन के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों को तुरंत घटना की जानकारी दी गई। हम मामले की जांच के लिए सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग कर रहे हैं।