अगले 24 घंटों में और खतरनाक होगा बिपरजॉय तूफान:80 से 120 KMPH की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

# ## National

(www.arya-tv.com) अरब सागर में आ रहा चक्रवात बिपरजॉय अगले 24 घंटे में और खतरनाक होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि यह अरब सागर में उत्तर-उत्तर पूर्वी तरफ बढ़ रहा है। रविवार या सोमवार तक इसके गुजरात पहुंचने की संभावना है। 10 से 12 जून तक 80 से 120 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

इसके चलते IMD ने गुजरात, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है। गुजरात के वलसाड में तीथल बीच को 14 जून तक के लिए बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

गुजरात के पोरबंदर से 640 किमी दूर है तूफान का केंद्र
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल बिपरजॉय तूफान गुजरात के पोरबंदर से 640 किमी दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में केंद्रित है। तूफान के रविवार या सोमवार तक दक्षिण गुजरात पहुंचने की संभावना है। इसके चलते मछुआरों को तट पर लौटने को कहा गया था और सभी बंदरगाहों को निर्देश दिए गए थे कि वे डिस्ट्रेस वॉर्निंग सिग्नल भेजें।

सूरत के कलेक्टर ने मीडिया को बताया कि हम अलर्ट मोड पर हैं और सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे हेडक्वॉर्टर न छोड़ें। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स टीमों को स्टैंडबाई मोड पर रखा गया है और तटीय इलाकों पर बसे गावों के लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया जाएगा।

  1. चक्रवात को देखते हुए गुजरात के तटीय गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। नवसारी जिला प्रशासन ने लोगों के समुद्र तट पर जाने पर रोक लगा दी है।
  2. चक्रवाती तूफान की वजह से साउथ के राज्यों में अगले चार दिनों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।
  3. केरल के 8 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया। इन इलाकों में जमकर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

अगले तीन दिन 100 किमी/घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवाएं
अहमदाबाद के मौसम विभाग केंद्र की डायरेक्टर मनोरमा मोहन्ती ने बताया कि तूफान के चलते 10, 11 और 12 जून को हवा 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। हवा 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार भी पकड़ सकती है। इस दौरान गुजरात और सौराष्ट्र के तटीय इलाकों में हल्की बारिश और आंधी चलने का अनुमान है।