मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये

Lucknow
  • प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन नवचयनित 9,055 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, प्लाटून कमाण्डर पी0ए0सी0 एवं अग्निशमन द्वितीय अधिकारियों को प्राप्त हुआ
  • नई भर्तियों से उ0प्र0 पुलिस बल ज्यादा सशक्त और बेहतर होगा, प्रदेश में रोजगार और सुरक्षा, दोनों में बढ़ोत्तरी हुई : प्रधानमंत्री
  • वर्ष 2017 से अब तक उ0प्र0 पुलिस में डेढ़ लाख से ज्यादा नई नियुक्तियां 

नवचयनित 9,055 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, प्लाटून कमाण्डर पी0ए0सी0 एवं अग्निशमन द्वितीय अधिकारियों को आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वीडियो सन्देश के माध्यम से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने नवचयनित पुलिस कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। उन्होंने 20 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये।

प्रधानमंत्री ने नवचयनित पुलिस कर्मियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इन दिनों रोजगार मेला उनके लिए एक विशेष कार्यक्रम बन गया है। पिछले कई माह से विभिन्न राज्यों में रोजगार मेले आयोजित हो रहे हैं। हजारों नौजवानों को रोजगार के लिए नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। यह प्रतिभाशाली युवा, सरकारी व्यवस्था में नए विचार लेकर आ रहे हैं, और दक्षता बढ़ाने में मदद कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में वर्तमान सरकार के गठन के समय उत्तर प्रदेश पुलिस बल में डेढ़ लाख से अधिक पद रिक्त थे। पी0ए0सी0 की 54 से अधिक कम्पनियां समाप्त कर दी गई थीं। फायर बिग्रेड बुनयादी सुविधाओं के अभाव में दम तोड़ रहा था। आज हमारा फायर बिग्रेड अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मजबूती के साथ खड़ा है। राज्य सरकार ने पी0ए0सी0 की 54 कम्पनियों का पुनर्गठन किया। तीन महिला पी0ए0सी0 बटालियनां का गठन किया है। कुछ जनपदों में पी0ए0सी0 की नई बटालियन के गठित करने की कार्यवाही आगे बढ़ रही है।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सुरक्षा दिलाने अपराधों को रोकने, अपराधियों को पकड़ने का यह कैरियर है। जिन्दगी का असली उद्देश्य सेवा से प्राप्त होता है। हमारे रोल मॉडल प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी हैं, जिन्होंने अन्याय के खिलाफ बीड़ा उठाया है।

पुलिस महानिदेशक डी0एस0 चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के संकल्प एवं विजन के अनुसार आप सभी अपनी मेहनत और मेरिट के आधार पर चयनित होकर यहां आये हैं। यहां बैठे सभी पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी के संकल्प को आत्मसात किया है।

प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना ने कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुसार प्रदेश में एक अभियान के तहत विगत 06 वर्षां में प्रदेश के सभी विभागों में निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से नौकरियां प्रदान की जा रही हैं। इसमें सबसे बड़ा आशीर्वाद गृह विभाग को मिला है। प्रदेश में जीरो टॉलरेन्स नीति के अनुसार अपराध मुक्त वातावरण के लिए गृह विभाग पूरी तरह से तत्पर है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण आर0पी0 सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार, सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।