अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने पर किया मर्डर:20 लाख लेने के बाद मांग रही थी पैसे

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)  लखनऊ में 27 अप्रैल को हुई युवती की हत्या एक युवक ने अपनी मंगेतर के साथ मिलकर की थी। मड़ियांव में रहने वाले उस युवक ने बाद में शव कार में रख कर उन्नाव के औरास इलाके के जंगल में फेंक दिया था। उन्नाव पुलिस को 28 अप्रैल को शव मिला। मगर, शिनाख्त न होने पर उसने अंतिम संस्कार करा दिया। इधर, मृतका के भाई की शिकायत पर मड़ियांव पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ने मृतका की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर हत्या करने की बात कबूल की है। उसका कहना है कि मृतका ने उसका एक अश्लील वीडियो बनाया था। फिर उसे ब्लैकमेल कर करीब 20 लाख रुपए हड़प चुकी थी।

ट्रेवल एजेंसी चलाती थी मृतका रूबी

एडीसीपी प्राची सिंह ने बताया कि कृष्णलोक कॉलोनी निवासी ट्रेवल एजेंसी संचालिका रूबी पांडेय की उसके ही परिचित ने हत्या कर दी थी। 27 अप्रैल से रूबी के बारे कुछ पता नहीं चलने पर नौकरानी ने उसके भाई को इस बारे में बताया। भाई अमित ने मंगलवार को पुलिस को सूचना दी कि यहां उसकी बहन अकेले रहकर ट्रेवल एजेंसी चलाती थी।

नौकरानी शबनम ने बताया कि 27 अप्रैल को रूबी घर से निकली थीं। फिर नहीं लौटीं। 28 अप्रैल को जब शबनम घर गई, तो वहां ताला लगा था। फोन करने पर किसी युवती ने उठाया और खुद को रूबी बताया। शक होने पर शबनम ने दोबारा फोन किया, तो युवक ने फोन पर बात की। अनहोनी की आशंका होने पर शबनम ने भाई को सूचना दी।

रूबी की कॉल डिटेल ने खोले राज

अमित की सूचना पर मड़ियांव पुलिस ने रूबी की कॉल डिटेल खंगाली। इसमें उसे चिनहट की पीतांबरा कॉलोनी निवासी रजनीश कुमार सिंह और इंदिरानगर निवासी वरुण कुमार मिश्र के बारे में पता चला। इसके बाद फैजुल्लागंज से रजनीश, उसकी मंगेतर कविता और वरुण को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तब पता चला कि उन्होंने रूबी की हत्या की है।

रजनीश, रूबी का पुराना साथी है, जबकि वरुण को वह अपना मुंह बोला भाई मानती थी। रजनीश ने बताया कि रूबी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। इसके बाद से वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। रूबी ने उससे करीब 20 लाख रुपए वसूले थे। इसके बाद भी उसकी मांग लगातार बढ़ती जा रही थी। इसी से परेशान होकर रजनीश ने मंगेतर कविता और वरुण के साथ मिलकर रूबी को मार डाला।

बर्थडे पार्टी के बहाने घर बुलाया, हत्या कर चले गए नैनीताल

रजनीश ने बताया कि 27 अप्रैल को बर्थडे पार्टी के बहाने उसने कविता को घर पर बुलाया। फिर मौका पाकर तीनों ने तकिया से मुंह दबाकर रूबी की हत्या कर दी। इसके बाद रात में ही कार से शव औरास में फेंक आए। इसके बाद सभी आरोपी नैनीताल चले गए थे। इन लोगों के पास से रूबी का पर्स, उसमें रखी घड़ी, अंगूठी, मोबाइल फोन व 15 हजार रुपए बरामद हुए हैं। रजनीश आईटीआई कर चुका है। उसकी मंगेतर कविता इंदौर से बीएससी नर्सिंग कर रही थी। दोनों दिसंबर में शादी करने वाले थे।