लखनऊ, कानपुर और वाराणसी समेत 5 जिलों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचा, 6 दिनों में और सताएगी गर्मी

# ## Environment Lucknow

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। मार्च के तीसरे हफ्ते में ही मई जैसी गर्मी पड़ने लगी है। होली के दो से तीन दिन बाद प्रदेश में गर्मी इतनी तेजी से बढ़ी है कि लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मेरठ, गोरखपुर समेत अन्य जिलों में पारा 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है।

सोमवार को झांसी राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। यहां का तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मंगलवार को इसमें एक डिग्री की वृद्धि का अनुमान है। वहीं, बिजनौर के नजीबाबाद सबसे ठंडा शहर रहा यहां का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, तीन से चार दिनों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने के आसार हैं। यानी अगले 6 दिनों में गर्मी और सताएगी। तापमान में एकदम से आई तब्दीली के बाद लोगों ने मार्च में एयर कंडीशन और कूलर का इस्तेमाल शुरू कर दिया।

लखनऊ का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा
लखनऊ मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। दोनों तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस ज्यादा हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अमूमन इन दिनों में अधिकतम 33 और न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस रहता था। पर इस बार गर्मी कुछ ज्यादा ही है।

यूपी में रात का तापमान भी बढ़ रहा है। न्यूनतम तापमान इस समय सामान्यत: 16-17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। सोमवार को यह सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 22.1 रिकार्ड किया गया।

अब गर्मी और बढ़ेगी
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि बुधवार से तापमान में और बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। लखनऊ का पारा जल्द ही 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। गुप्ता ने बताया कि पिछले पांच वर्षों के दौरान मार्च महीने में देखे तो कभी इतनी गर्मी नहीं पड़ी।अमूमन मार्च में एक-दो पश्चिमी विक्षोभ तैयार हो जाते हैं। जिससे मौसम में बदलाव होता था। इससे तापमान भी कम रहता था। इस बार मार्च में एक भी पश्चिमी विक्षोभ तैयार नहीं हुआ और न ही अगले एक सप्ताह में संभावना है। अगले छह दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री को भी पार कर सकता है।