महिलाएं बनेंगी भारत की ग्रोथ का इंजन: डॉ. दिनेश शर्मा

Lucknow
  • महिलाएं बनेंगी भारत की ग्रोथ का इंजन: डॉ. दिनेश शर्मा

लखनऊ। राज्यसभा सांसद और पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने महिला सशक्तिकरण के समर्थन में आयोजित महिला बाइक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं देश की ग्रोथ का इंजन बनने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और अब महिलाएं घर की चौखट से बाहर निकलकर राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित कर उनकी भागीदारी को मजबूत किया है। उन्होंने 33 प्रतिशत आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में इसे और बढ़ाया जा सकता है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं जैसे “लखपति दीदी”, “ड्रोन दीदी” और महिला उद्यमियों को बैंक ऋण जैसी पहलें महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं और सेना व पुलिस में भी अपनी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिला शक्ति बंधन अधिनियम को देश की राजनीति में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार की नीतियां भारत के नए स्वरूप का निर्माण करेंगी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अभिषेक श्रीवास्तव, सुधीर मिश्रा, मुकेश बहादुर, खिलाड़ी सुधा सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।