डॉ. राजेश्वर सिंह ने दरोगा खेड़ा की 60 हजार आबादी को राहत दिलाने के लिए बढ़ाया कदम, फुट ओवरब्रिज निर्माण की उठाई मांग

Lucknow
  • 60 हजार आबादी को राहत दिलाने के लिए आगे आए डॉ. राजेश्वर सिंह, फुट ओवरब्रिज निर्माण की उठाई मांग
  • दरोगा खेड़ा में फुट ओवरब्रिज की मांग तेज, डॉ. राजेश्वर सिंह ने एनएचएआई अध्यक्ष को लिखा पत्र

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस-वे पर स्थित दरोगा खेड़ा चौराहे की गंभीर समस्या को लेकर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष को पत्र लिखकर फुट ओवरब्रिज के निर्माण की मांग उठाई है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष को लिखा गया विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह का पत्र
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष को लिखा गया विधायक डॉ.राजेश्वर सिंह का पत्र

डॉ. सिंह ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि एक्सप्रेस-वे निर्माण के बाद दरोगा खेड़ा क्षेत्र में लगभग 60 हजार की आबादी को सड़क पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर से दूसरी ओर आवागमन अत्यंत जोखिम भरा हो गया है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को आवागमन में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी जनसमस्या का रूप ले चुकी है, जिसका समाधान तत्काल आवश्यक है। इसके लिए दरोगा खेड़ा चौराहे पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना बेहद जरूरी है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि राजकीय भूमि उपलब्ध न होने की स्थिति में इस कार्य हेतु निजी भूमि क्रय करने की आवश्यकता भी पड़ सकती है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने एनएचएआई से आग्रह किया है कि परियोजना निदेशक, लखनऊ को निर्देशित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर भूमि क्रय की प्रक्रिया पूरी कर फुट ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी नागरिक को अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। विधायक की इस पहल से क्षेत्रीय नागरिकों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का जल्द समाधान होगा और दरोगा खेड़ा क्षेत्र में आवागमन सुरक्षित व सुगम बन सकेगा।