समाज में र​हने के लिए महिलाओं को सशक्त होना जरूरी, जानें क्या है पूरा मामला

Bareilly Zone UP

बरेली(www.arya-tv.com) मजबूत समाज के लिए जरूरी है कि महिलाएं सशक्त और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों। महिलाएं पुरुषों के साथ हर क्षेत्र में काम तो कर रही हैं लेकिन उन्हें कई समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है।

जरूरत इस बात की है कि महिलाएं अपने साथ होने वाले अत्याचार को छिपाने के बजाय उसे उजागर करें ताकि कानून उसकी रोकथाम कर सके। ये बात जीजस एंड मेरी इंटर कॉलेज में अमर उजाला अपराजिता अभियान के तहत हुई गोष्ठी में महिला उपनिरीक्षक कोकिल सिंह ने छात्राओं से कहीं।

कोकिल सिंह ने कहा कि महिलाएं अब सेना में भी भर्ती होकर दुश्मनों से मुकाबला कर रही हैं। हवाई जहाज उड़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां खुद को कमजोर न समझें, जितने अधिकार पुरुषों के पास हैं, उतने ही उनके पास भी हैं।

बस उन्हें अपना लक्ष्य तय करने के साथ शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनना होगा। कोकिल सिंह ने छात्राओं से कहा कि अपने साथ होने वाली ज्यादती को वे छिपाएं नहीं, बल्कि उजागर करें।

पुलिस उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार है। सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क है, उसका लाभ लें। इसके अलावा महिला सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1098, 198, 1076, 181, 112 भी हैं।

तहसीलदार शेर बहादुर सिंह और नायब तहसीलदार निरंकार सिंह ने भी छात्राओं को अपना लक्ष्य तय कर शिक्षा प्राप्त करने को प्रेरित किया। कहा, बेटियां उच्च शिक्षा हासिल कर आत्मनिर्भर बने और देश और समाज को प्रगति की राह पर ले जाएं।

तहसीलदार ने छात्राओं को शपथ दिलाकर नारी सशक्तीकरण के लिए जागरूक भी किया। इस दौरान कॉलेज के प्रबंध निदेशक आनंद सैमसन, प्रधानाचार्य अनीता मैसी, रजनी शर्मा, बुशरा सिद्दीकी, नसीर अहमद, महिला कांस्टेबल दुर्गेश कुमारी आदि मौजूद रहे।