भाजपा नेता के घर में क्यों पहुंची सेना, तीन एकड़ जमीन को लेकर क्या चल रहा है विवाद?

Lucknow UP

लखनऊ।(www.arya-tv.com) भाजपा नेता डॉक्टर संजय सिंह के कैंट के बंगले में शनिवार सुबह सेना आ पहुंची। उनके बंगले में करीब तीन एकड़ जमीन को खाली कराने की कार्यवाही ​चल रही थी। कुल इलाके में करीब 4.15 एकड़ का बंगला है। इसमें केवल 1 एकड़ की ही लीज है, जो श्यामा देवी के नाम है। श्यामा देवी संजय सिंह की बहन हैं। बहन ने संजय सिंह केे नाम पर वसीयत की है। बताया जा रहा है कि संजय सिंह ने 3.14 एकड़ जमीन पर कब्जा किया है।

कार्यवाही में आज सेना के साथ रक्षा सम्पदा अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी और कर्नल राकेश भी मौजूद रहे। बंगला खाली कराने का आदेश मध्य यूपी सब एरिया मुख्यालय की ओर से 14 जनवरी को चस्पा किया गया था। छावनी के 13 सरदार पटेल मार्ग पर यह बंगला 4.15 एकड़ क्षेत्रफल पर है।

इस बंगले की जमीन सबसे पहले एक नवंबर 1929 को तीस साल की लीज पर सालाना 36 रुपये की दर से दी गई थी। छावनी परिषद के 0 मई 1978 के आदेश में माना गया कि 4.15 एकड़ में से बंगले का हिस्सा 1.001 एकड़ है जबकि 3.149 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा है। इसके बाद सात एकड़ जमीन को श्यामा देवी को बेच दिया गया।

रक्षा मंत्रालय के दस्तावेजों में श्यामा देवी डॉ संजय सिंह की बहन थी। बाद में श्यामा देवी ने ये बंगला डॉ संजय सिंह को दे दिया। डॉ संजय सिंह की 90 साल की मियाद नवंबर 2019 में पूरी हो गई है। रक्षा संपदा मुख्यालय लखनऊ ने तीन एकड़ की जमीन को खाली कराने के लिए मध्य यूपी सब एरिया को पत्र लिखा था। आदेश पर रक्षा संपदा ने 10 जनवरी को बंगले की जांच की। इसमें तीन एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा मिला।