खेत में काम करते समय बदमाशों ने महिला पर चाकू से किया वार, हालात गंभीर

# ## Lucknow

लखनऊ (www.arya-tv.com) बंथरा के गोदौली गांव में रविवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे खेत में काम कर रही आशा सिंह के गले पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करके बदमाशों ने घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर जबतक ग्रामीण दौड़े हमलावर भाग निकले। आशा को गंभीर हालत में ट्रामा में भर्ती कराया गया है। बंथरा इलाके के गोदौली गांव निवासी आशा सिंह, बेटे विकास के साथ रहती हैं। जानकारी के मुताबिक आशा रविवार शाम खेत पर काम कर रही थीं।

इस बीच पीछे से आए बदमाशों ने आशा को पकड़ा और हमला बोल दिया। हमले के दौरान बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ आशा के गले पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े। ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी।

घटनास्थल उन्नाव और लखनऊ का बार्डर होने कारण दोनों जनपदों की पुलिस अलर्ट हो गई। सूचना मिलते ही उन्नाव जिले के हसनगंंज इंस्पेक्टर महेश चंद्र, सीओ राजकुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे। आशा सिंह को हसनगंंज क्षेत्र स्थित सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां, से हालत नाजुक देख आशा को ट्रामा रेफर कर दिया गया। मामले की जानकारी पर बंथरा इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि महिला का ट्रामा में इलाज चल रहा है। हालत सामान्य होने पर उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। वहीं, आशा के बेटे ने किसी रंजिश की बात से इंंकार किया है। इंस्पेक्टर बंथरा धनंजय सिंह ने बताया कि कई बिंदुओं पर घटना की पड़ताल की जा रही है।

सूचना देने के डेढ़ घंटे बाद मौके पहुंची बंथरा पुलिसः देर शाम करीब साढ़े बजे आशा पर चाकू से बदमाशों ने हमला किया। सूचना मिलते ही उन्नाव के हसनगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला को सीएचसी में भर्ती भी करा दिया। इसके बाद भी बंथरा थाने की पुलिस को मामले की जानकारी ही नहीं हो सकी। करीब डेढ़ घंटे बाद इंटरनेट मीडिया पर घटना की सूचना चली तो बंथरा पुलिस हरकत में आयी। इंस्पेक्टर बंथरा और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। इसके बाद ट्रामा सेंटर पहुंचे।