(www.arya-tv.com) प्रतापगढ़ जनपद के हथिगवां थाना क्षेत्र में तिलक समारोह में खुशी जताने के लिए की गई फायरिंग वीडियोग्राफी कर रहे युवक के लिए घातक साबित हुई। गोली लगने से वीडियोग्राफर घायल हो गया जिसे प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस गोली चलाने वाले युवत की तलाश कर रही है।
रिश्तेदार कर रहा था वीडियोग्राफी तभी की गई फायरिंग
पुलिस को जांच में पता चला है कि बेती अमान सिंह का पुरवा गांव निवासी बद्री पुत्र चंद्रिका प्रसाद के बेटे संजय सरोज की शादी तय है। गुरुवार रात उसका तिलकोत्सव आयोजित था। तिलकोत्सव में वीडियोग्राफी करने के लिए बद्री प्रसाद का रिश्तेदार सरैया प्रवेशपुर गांव निवासी ननका सरोज भी आया हुआ था। कार्यक्रम चल रहा था तभी रात करीब 11:30 बजे गांव के राजकुमार उर्फ मुन्ना ने खुशी जताने को लिए तमंचे से फायर किया। लापरवाही से की गई फायरिंग के चलते गोली वीडियोग्राफी कर रहे ननका सरोज को जा लगी। गोली लगते ही ननका खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। उसके घायल होने पर अफरातफरी मच गई।
सीएचसी से ट्रामा सेंटर किया गया रेफर
वीडियोग्राफर को तिलक समारोह में गोली लगने की सूचना मिलते ही हथिगवां पुलिस वहां पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल ननका को इलाज के लिए सीएचसी कुंडा ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज एसआरएन अस्पताल के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है। एसओ हथिगवां संतोष सिंह ने बताया कि फायरिंग करने वाले की पहचान कर ली गई है। घायल युवक का इलाज प्रयागराज में चल रहा है। जिसकी हालत ठीक बताई जा रही। मामले की जांच की जा रही है।