UP में आज मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव:10 हजार केंद्रों पर 30 लाख लोगों को लगेगा टीका,

Health /Sanitation National

(www.arya-tv.com)अगर अभी तक आपने वैक्सीन की पहली या दूसरी या फिर दोनों ही डोज नहीं लगवाई है तो ये खबर आपके काम की है। उत्तर प्रदेश सरकार ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव का आयोजन किया है। 10 हजार केंद्रों पर करीब 30 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है।

इसके लिए सभी केंद्रों पर ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने का टारगेट दिया गया है। अगर आपने वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो भी आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप सीधे वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। हालांकि, अपने साथ आधार कार्ड ले जाना न भूलिएगा। अगस्त में दो करोड़ डोज लगाने का सरकार ने लक्ष्य बनाया है। अब तक पौने दो करोड़ लगाई जा चुकी है।

4 शहरों की तैयारियां –

  • लखनऊ : 65 केंद्रों पर बिना बुकिंग के ही टीका लगेगा राजधानी लखनऊ में भी आज 116 केंद्रों पर करीब 83 हजार 800 से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। खास बात ये है कि 65 केंद्र ऐसे बनाए गए हैं, जहां आप सीधे जाकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। मतलब यहां के लिए आपको प्री रजिस्ट्रेशन या स्लॉट बुकिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी। मौके पर ही आपका रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। ये सुविधा सभी के लिए है। मतलब आपने अगर दोनों डोज नहीं लगवाया है या फिर पहली डोज के बाद आप दूसरे डोज का इंतजार कर रहे हैं। दोनों ही परिस्थिति में आप सीधे केंद्र जाकर वैक्सीन लगवा सकते हैं। आपको अपने साथ सिर्फ आधार कार्ड ले जाना होगा।
  • आगरा : 423 केंद्रों पर 82 हजार लोगों को टीका आगरा में आज 82 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। शहर और देहात में 423 केंद्रों पर वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि शहर और देहात के 432 केंद्रों पर 82 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है। देहात के हर ब्लॉक में पांच हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वैक्सीन लगवाने के लिए पूर्व रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं है। कोई भी आधार कार्ड के साथ बूथ पर पहुंचकर सीधे वैक्सीन लगवा सकता है। 18 प्लस वाले लोगों को वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाई जाएगी।
  • मेरठ : 54 हजार लोगों को वैक्सीन, 139 केंद्र बनाए मेरठ में आज 139 वैक्सीनेशन सेंटरों पर 54, 000 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। शाम 5 बजे तक यह टार्गेट पूरा करना है। इस टार्गेट को अचीव करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ, धामिर्क संगठनों, आरडब्लूए और पॉलिटिकल पार्टी से मदद मांगी है। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण किया जा सके। आम आदमी अपने निकटतम किसी भी वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन लगवा सकता है। मेरठ में सभी सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ पोस्ट, मेडिकल अस्पताल, जिला अस्पताल, डफरिन महिला अस्पताल, मिलिट्री अस्पताल, कैंटोनमेंट अस्पताल व अन्य सेंटरों पर वैक्सीनेशन किया जाएगा।
  • सहारनपुर : 60 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 291 बूथों पर एक साथ 60 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वैक्सीनेशन 10 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे खत्म होगा। यहां भी लोगों को पहली डोज लगवाने के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन या बुकिंग की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उनका रजिस्ट्रेशन वैक्सीनेशन सेंटर पर ऑन द स्पॉट किया जाएगा।