नैंसी पेलोसी राष्ट्रपति वेन से मिलीं, कहा- हमें ताइवान की दोस्ती पर गर्व, हर स्तर पर साथ देंगे

# ## International

(www.arya-tv.com)  अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी अपने दौरे के दूसरे दिन बुधवार को ताइवान की संसद पहुंचीं। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रपति साई इंग वेन से मुलाकात की। संसद में पेलोसी को ताइवान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ प्रॉपिटियस क्लाउड्स विद स्पेशल ग्रैंड कॉर्डन’ से सम्मानित किया गया।

पेलोसी ने कहा- हमें ताइवान की दोस्ती पर गर्व है। अमेरिका हर स्तर पर ताइवान का साथ देगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने 43 साल पहले ताइवान के साथ खड़े रहने का जो वादा किया था, वो उस पर आज भी अडिग है।

संसद के डिप्टी स्पीकर से भी मिलीं पेलोसी
राष्ट्रपति साई इंग वेन से मुलाकात करने से पहले नैंसी पेलोसी ने ताइवान संसद के डिप्टी स्पीकर साई ची-चांग से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने थियानमेन स्क्वायर नरसंहार का जिक्र करते हुए मानवाधिकारों के लिए अमेरिकी समर्थन का भरोसा दिलाया।
चीन ने ताइवान पर लगाए आर्थिक प्रतिबंध
इधर, पेलोसी की विजिट से बौखलाए चीन ने ताइवान के लिए आर्थिक परेशानियां खड़ी करना शुरू कर दिया है। चीनी सरकार ने ताइवान को नेचुरल सैंड के देने पर रोक लगा दी है। इससे ताइवान को काफी नुकसान हो सकता है। कोरोना महामारी के बाद से कंस्ट्रक्शन और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ताइवान के लिए इनकम का सोर्स बन गया है। ऐसे में रेत का निर्यात रोकने से ताइवान को आर्थिक नुकसान होगा। 1 जुलाई को भी चीन ने ताइवान के 100 से ज्यादा फूड सप्लायर से आयात (इम्पोर्ट) पर प्रतिबंध लगाया था।

पेलोसी की विजिट से नाखुश चीन क्या कर सकता है?

  • चीन अब ताइवान पर और ज्यादा दबाव बनाने की कोशिश करेगा। इसके लिए चीन के फाइटर जेट्स ताइवान के हवाई सीमा क्षेत्र में पहले से ज्यादा घुसपैठ करेंगे।
  • चीन ताइवान को उकसा सकता है। फाइटर जेट्स को ताइवान के हवाई सीमा क्षेत्र में भेज कर चीन ताइवान को हमला करने के लिए उकसाने की कोशिश करेगा।
  • चीन की सरकार US का डिप्लोमैटिक विरोध कर सकती है। वह अमेरिका से अपने राजदूत किन गैंग को वापस बुला सकती है।