(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप का मंगलवार को निधन हो गया। 56 साल के कश्यप 27 अप्रैल को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। कुछ दिन होम आइसोलेशन में रहकर उन्होंने अपना इलाज कराया था। सांस लेने में दिक्कत शुरू हुई तो उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, जहां मंगलवार की शाम उन्होंने आखिरी सांस ली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य समेत भाजपा के कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
तीसरे मंत्री जिनकी कोरोना से मौत हुई
विजय प्रदेश के तीसरे मंत्री हैं जिनकी कोरोना से मौत हुई है। इसके पहले प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमलरानी वरुण, और चेतन चौहान का निधन हो चुका है। भाजपा के 4 विधायकों की भी संक्रमण के चलते जान चली गई। इनमें लखनऊ विधायक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, औरैया सदर विधायक रमेश चंद्र दिवाकर, बरेली नवाबगंज के केसर सिंह गंगवार और दल बहादुर कोरी शामिल हैं।
मुजफ्फरनगर से विधायक थे
- विजय कश्यप मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल सीट से विधायक थे।
- संघ में भी विजय का बड़ा कद था। वह सहारनपुर के जिला बौद्धिक प्रमुख भी रहे।
- सहारनपुर जनपद के नानौता के रहने वाले विजय कश्यप का अपनी बिरादरी में खासा जनाधार माना जाता था।
- पहली बार 2007 में चरथावल से चुनाव लड़े, लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
- 2017 के विधानसभा चुनाव में वह चरथावल सीट से विधायक निर्वाचित हुए। विजय कश्यप भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य रहे थे।
- 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी को 23 हजार से ज्यादा मतों से शिकस्त दी थी।