कानपुर का खुला नाला बना काल, घर के बाहर बैठे युवक की दर्दनाक मौत

# ## Kanpur Zone

कानपुर में खुले नाले अब लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते नजर आ रहे हैं। चकेरी के कर्मचारी नगर में 45 वर्षीय हलवाई हरिशंकर बाजपेई की नाले में गिरने से मौत ने शहर की जल निकासी व्यवस्था और नगर निगम की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार दोपहर घर के बाहर बैठे हरिशंकर अचानक संतुलन खो बैठे और पास में बने खुले कनेक्टिंग नाले में जा गिरे। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना की भयावहता और बढ़ गई है। परिवार का आरोप है कि हरिशंकर काफी देर तक नाले में पड़े रहे और समय रहते उन्हें मदद नहीं मिल सकी।

चकेरी के कर्मचारी नगर, पीएसी रोड क्षेत्र में रहने वाले हरिशंकर बाजपेई (45) हलवाई का काम करते थे। परिवार में पत्नी नीलम और 12वीं में पढ़ने वाली बेटी परी है। मंगलवार दोपहर करीब 2:17 बजे हरिशंकर घर के बाहर बैठे थे। उस समय पत्नी और बेटी बाजार गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह सीधे खुले नाले में मुंह के बल जा गिरे। कुछ देर बाद पत्नी और बेटी घर लौटीं तो उन्हें नाले में पड़ा देखकर चीख-पुकार मच गई। पत्नी ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें कांशीराम अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

कैमरे में कैद हुआ हादसा, परिवार ने उठाए मदद न मिलने पर सवाल

घटना का सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। इसमें हरिशंकर घर के बाहर बैठे दिखाई देते हैं। अचानक वह उठते हैं और लड़खड़ाकर खुले नाले में गिर जाते हैं। गिरने के बाद वह दोबारा बाहर नहीं निकल पाते। परिजनों का आरोप है कि वह करीब 20 मिनट तक नाले में औंधे मुंह पड़े रहे। परिवार का सवाल है कि आबादी के बीच खुले नाले में एक व्यक्ति गिरा रहा, लेकिन उसे बचाने के लिए तत्काल मदद क्यों नहीं पहुंची? परिजनों का मानना है कि यदि समय रहते उन्हें बाहर निकालकर उपचार दिया जाता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

पुलिस ने जारी किया घटनाक्रम का आधिकारिक अपडेट

इस मामले में कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से भी जानकारी साझा की गई है। पुलिस के अनुसार 17 नवंबर को चकेरी थाना क्षेत्र के कर्मचारी नगर पीएसी रोड, कृष्णानगर में एक व्यक्ति के नाली में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान होने और पंचायतनामा भरने सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी। एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की।

खुले नालों की जिम्मेदारी किसकी, हादसे के बाद भी बड़ा सवाल

हरिशंकर की मौत केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि शहर में खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल है। रिहायशी इलाके में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के खुले पड़े नाले किसी भी समय बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और राहगीरों के लिए ऐसे स्थान गंभीर खतरा हैं। परिजनों ने नगर निगम की लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया था। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस हादसे के बाद नगर निगम शहर के खुले नालों का सर्वे कराकर उन्हें सुरक्षित करने की पहल करेगा, या फिर किसी और हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी?