संकट में UP POLICE बनी मददगार:100 दिन में 7095 बिछड़ों को अपनों से मिलवाया

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 112 की पीआरवी (पुलिस रेस्पांस व्हिकल) टीम ने अप्रैल 2021 से अब तक यूपी-112 की पीआरवी ने पिछले 100 दिनों में 7095 गुमशुदा लोगों को उनके परिजनों से सकुशल मिलवाने का काम किया है। अपनों से बिछड़ने वालों में सर्वाधिक संख्या बच्चों की है। बच्चों के साथ-साथ कई स्थानों पर बुजुर्गों के भी रास्ता भटकने की स्थिति में पीआरवी कर्मियों ने उनको भी घर तक सकुशल पहुंचाने में सहायता की है।

ऐसी आती है सूचना
बदायूं के सहसवान थाना क्षेत्र नसरुल्लागंज चौराहे पर तीन वर्षीय बच्ची के भटकने की सूचना एक सजग कॉलर ने यूपी-112 को दी। सूचना मिलते ही पीआरवी 1285 पर तैनात सिपाही धर्मेन्द्र और दिपांशी सिंह मौके पर पहुंच कर बच्ची को अपनी संरक्षा में लेते हैं। महिला आरक्षी ने बच्ची को गोद में लेकर पहले उसको पानी पिलवाया और फिर उसका नाम-पता जानने का प्रयास किया। अपने परिवार से बिछुड़ी बच्ची कुछ भी बता पाने की स्थिति में नही थी। पीआरवी कर्मियों ने आस-पास के लोगों से बच्ची के बारे में पता किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पीआरवी पर तैनात कर्मियों ने बच्ची को अपने साथ लेकर वाहन में लगे पीए (पब्लिक ऐड्रेस) सिस्टम से अनाउंस करते हुए आस-पास के मोहलों में बच्ची के परिजनों को खोजना शुरू किया। कुछ देर बाद एक मोहल्ले में बच्ची के परिजन पीआरवी कर्मियों को मिल गए जो काफी देर से परेशान थे। गुम हुए अपने कलेजे के टुकड़े को पा कर दंपत्ति काफी खुश हुआ। ये घटना तो एक उदाहरण मात्र है।

जून 2021 में सर्वाधिक 2,455 भटके लोगों को मिलवाया
अप्रैल महीने में यूपी-112 को 1966 सूचनाएं गुम होने या रास्ता भटकने की मिली। इन सभी सूचनाओं पर पीआरवी कर्मियों ने पहुंच कर मदद की। मई महीने में लॉक डाउन के चलते आवाजाही कम थी, इसके बावजूद इस महीने गुमशुदा होने की सूचनाएं अप्रैल से अधिक रही। मई माह में पूरे प्रदेश से 1,993 लोगों के गुम होने या रास्ता भटकने की सूचना यूपी-112 को मिली। जून महीने में मई की अपेक्षा अधिक सूचनाएं आयी। जून में कुल 2455 लोगों को पीआरवी ने परिजनों से मिलवाने में सफलता प्राप्त की। वहीं जुलाई महीने के शुरूआती आठ दिनों में 681 सूचनाएं यूपी-112 को मिली।

पीआरवी कर्मियों को मिला सम्मान
बदायूं, जौनपुर, चित्रकूट, झांसी, चंदौली, मुरादाबाद, अम्बेडकरनगर सहित प्रदेश के कई जिलों में पीआरवी कर्मियों ने तत्परता व सूझबूझ का परिचय देते हुए बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सकुशल उनके परिजनों से मिलवाया है। मानवता की मिशाल कायम करने वाले इन पुलिस कर्मियों को 112 मुख्यालय के पुलिस अधीक्षक प्रशासन की ओर से ‘पीआरवी ऑफ द डे’ देकर सम्मानित किया गया।