IPL मिनी ऑक्शन में बिके UP के 3 क्रिकेटर: शिवम मावी को गुजरात ने 6 करोड़ में खरीदा

# ## Game

(www.arya-tv.com) कोच्चि में हुए IPL का मिनी ऑक्शन में UP के 3 खिलाड़ी बिके हैं। मेरठ के अनकैप्ड तेज गेंदबाज शिवम मावी को गुजरात टाइटंस ने 6 करोड़ रुपए में खरीदा है। वहीं, गोरखपुर के सोनू यादव को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खरीदा है। कानपुर के उपेंद्र यादव को सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा है।

लखनऊ सुपर जाइंट्स ने वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को खरीदा है। इसमें वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन को 16 करोड़ में खरीदा गया है।

ऑलराउंडर शिवम की पिछली कीमत 7.25 करोड़

अनकैप्ड तेज गेंदबाज शिवम मावी की बेस प्राइस 40 लाख रुपए थी। लेकिन, जैसे ही उनकी बोली स्टार्ट हुई। कई टीमें उन्हें खरीदना चाही, लेकिन अंत में गुजरात में 6 करोड़ में उन्हें खरीद लिया। मावी को पिछली बार 7.25 करोड़ में KKR ने खरीदा था। पिछली बार चौंकाने वाली बात यह रही थी कि शिवम ऑक्शन में अपने सीनियर खिलाड़ी भुवनेश्वर कुमार से भी आगे निकल गए थे। KKR ने शिवम को 7.25 करोड़ में खरीदा था, जबकि भुवी की बोली 4.20 करोड़ में लगी थी।

सनराइजर्स के लिए खेलेंगे उपेंद्र

कानपुर में जन्मे उपेंद्र यादव को सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा है। उपेंद्र का बेस प्राइस 20 लाख था, उन्हें सनराइजर्स ने 25 लाख में खरीदा है। बता दें कि उपेंद्र एक भारतीय प्रथम श्रेणी के क्रिकेटर हैं, जो उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हैं। उन्होंने 29 नवंबर 2016 को रणजी ट्रॉफी 2016-17 में उत्तर प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी में एंट्री की थी। उन्होंने 5 फरवरी 2018 को विजय हजारे ट्रॉफी 2017-18 में उत्तर प्रदेश के लिए अपनी लिस्ट ए की शुरुआत की थी।

रॉयल चैलेंजर्स ने खरीदा सोनू यादव

गोरखपुर के सोनू यादव को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 लाख रुपए में खरीदा है। सोनू यादव एक भारतीय क्रिकेटर हैं। उन्होंने अपने 20-20 की शुरुआत 10 जनवरी 2021 को तमिलनाडु के लिए 2020-21 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से की थी। सोनू सीधे हाथ के बल्लेबाज हैं।

गुजरात टायटंस ने फिर यूपी पर जताया भरोसा
IPL ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। 10 महीने पहले जब बेंगलुरु में IPL मेगा ऑक्शन हुआ था। तब गुजरात टाइटंस ने प्रयागराज के तेज गेंदबाज यश दयाल को 3.20 करोड़ में खरीदा था। यश दयाल का बेस प्राइस कुल 20 लाख था।

यश के लिए RCB, गुजरात और KKR ने भी बोली लगाई थी। दयाल उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज है। इस बार यूपी के शिवम को गुजरात टीम ने 6 करोड़ रुपए में खरीदा है। हालांकि शिवम को इस बार पिछली बार से कम कीमत मिली है।

लखनऊ टीम से खेलेंगे निकोलस पूरन
वेस्टइंडीज के बेस्ट प्लेयर निकोलस पूरन इस बार लखनऊ सुपर जायंटस से खेलेंगे। लखनऊ टीम ने बाहर के खिलाड़ियों पर ऑक्शन में भरोसा जताया है। वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन को लखनऊ सुपर जायंटस ने 16 करोड़ में खरीदा है जबकि बेस प्राइस 2 करोड़ था। ऑस्ट्रेलिया के डेनियल शेम्स को 75 लाख में खरीदा है।

जयदेव उनदाकट, वेस्टइंडीज के रोमारियो शेफर्ड, अमित मिश्रा और अफगानिस्तान के नवीन उल हक को 50-50 लाख में खरीदा है। यश ठाकुर को 45 लाख में खरीदा। इसके साथ ही प्रेरक मांकड 20 लाख, स्वप्निल सिंह 20 लाख और युद्धवीर सिंह को भी 20 लाख में खरीदा है।