66 साल के अनिल कपूर का फिटनेस मंत्र:रोज 2 घंटे जिम और जॉगिंग; 210 रुपए थी पहली कमाई

# ## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com) लखन का रोल हो या मिस्टर इंडिया का, अनिल कपूर ने बेहद खूबसूरती से इन सभी किरदार को पर्दे पर उकेरा है। 1956 में जन्मे अनिल लुक और पर्सनैलिटी में आज के हीरो को भी मात देते हैं। 66 के हो चुके अनिल आज भी 2 घंटे जिम में पसीना बहाते हैं और साइकिलिंग से लेकर जॉगिंग, मॉर्निंग वॉक से खुद को फिट भी रखते हैं।

अनिल ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी हैं, लेकिन उनका बचपन बहुत खूबसूरत नहीं था। उनके पापा सुरिंदर कपूर पृथ्वीराज थिएटर में काम करते थे। पैसे उतने नहीं थे इसलिए पूरा परिवार एक कमरे में रहता था। आमदनी कम थी, लेकिन पिता ने सभी भाई-बहनों की जरूरतों को पूरा किया। हालांकि उनके पिता आगे चलकर फेमस डायरेक्टर बने।

पिता बीमार पड़े तो अनिल ने काम किया और पहली नौकरी रही स्पॉटब्वॉय की। उन्होंने तेलुगु फिल्म से बतौर लीड एक्टर करियर की शुरुआत की। कभी फिल्मों के लिए मूंछें हटाईं तो कभी हिट फिल्में करने के बाद भी काम के लिए सिफारिश करनी पड़ी और खुद को साबित करना पड़ा, लेकिन अनिल कपूर ने हार नहीं मानी और कठिन परिश्रम से उन्होंने बाॅलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक का सफर तय किया। जहां उनकी पहली फीस 201 रुपए थी, वहीं आज वो 134 करोड़ के मालिक हैं।

गरीबी की वजह से एक कमरे में रहता था परिवार

24 दिसंबर 1956 को अनिल कपूर का जन्म एक पंजाबी खत्री परिवार में चैंबूर में हुआ था। उनकी मां का नाम निर्मला कपूर था और उनके पापा का नाम सुरिंदर कपूर था जो आगे चलकर फेमस फिल्म प्रोड्यूसर बने। चैंबूर के तिलक नगर में एक बड़ी बिल्डिंग में एक कमरे का मकान था जिसमें उनका पूरा परिवार रहता था। अलग से बाथरूम भी नहीं था, सिर्फ एक कॉमन बाथरूम था। हालांकि इतनी तंगहाली में रहने के बावजूद उनके पापा ने सभी की जरूरतों को बखूबी पूरा किया। अनिल कपूर के पिता सुरिंदर कपूर राज कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर के कजिन हैं। इसी वजह से पृथ्वीराज थिएटर से उनके पापा जुड़े रहे। अनिल कपूर के दो भाई बोनी कपूर और संजीव कपूर हैं। तीनों की एक बहन भी है। अनिल सभी भाई- बहनों में दूसरे नंबर पर हैं।

पापा की बीमारी की वजह से 18 साल की उम्र में किया नौकरी करने का फैसला

पढ़ाई पूरी करने के बाद अनिल कोई नौकरी नहीं करते थे। इसी दौरान एक दिन उनके पापा काम से वापस घर लौटे, लेकिन उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। डॉक्टर को दिखाया गया तो पता चला कि उनको दिल की बीमारी है। जब ये बात परिवार समेत अनिल को पता चली तो उन्होंने फैसला किया कि वो अब घर को फाइनेंशियली तौर पर मदद करने के लिए कोई ना कोई नौकरी जरूर करेंगे। उस समय अनिल की उम्र केवल 17-18 साल थी।

करियर के शुरुआती दिनों में बतौर स्पॉटबॉय काम किया

इस घटना के बाद अनिल कपूर ने फिल्मी सेट पर काम किया। वहां पर उनका काम होता था एक्टर्स को नींद से उठाना, उन्हें एयरपोर्ट पर लेने जाना, लोकेशन पर उन्हें छोड़ना। फिल्मी सितारों के लिए स्नैक्स और चाय लेकर आना, ये सभी काम अनिल कपूर ने किए। बाद में वो कास्टिंग डायरेक्टर बन गए।

फिल्म हम पांच के लिए अनिल ने पहली बार कास्टिंग डायरेक्टर का काम किया था। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग की पढ़ाई भी की थी।