रालोद ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की मांग उठायी, राष्ट्रपति को लिखा पत्र

National UP

(www.arya-tv.com) राष्ट्रीय लोकदल व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने जीवनपर्यंत शोषितों व वंचित वर्ग के लोगों की लड़ाई लड़ी है, चौधरी साहब को जब भी मौका मिला उन्होंने किसानों एवं पिछड़ों के लिए अपनी पूरी क्षमता से कार्य से किया।

रोहित अग्रवाल ने कहा कि चौधरी चरण सिंह कहते थे कि देश कि समृद्धि और खुशहाली का रास्ता गांवों से होकर गुजरता है इसलिए उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन ग्रामीण भारत के विकास के लिए समर्पित कर दिया। चौधरी चरण सिंह ने कई संवैधानिक पदों को सुशोभित किया, वे उत्तर प्रदेश कैबिनेट मंत्री,तत्पश्चात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मंत्री रहे।

इसके अलावा वे केंद्रीय कैबिनेट में मंत्री, उप-प्रधानमंत्री इसके बाद भारत के प्रधानमंत्री रहे। वे भारत के इकलौते राजनेता हैं, जिन्हें किसान मसीहा कहलाने का गौरव प्राप्त है, यह गौरव उन्हें प्रेम करने वाली इस देश की सम्मानित जनता ने प्रदान किया है।

अग्रवाल ने कहा कि राजनीतिक कारणों के चलते सरकार लगातार इस बात को नजरअंदाज कर रही है, यह प्रश्न बार-बार खड़ा होता है कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न अब तक क्यों नहीं दिया गया, क्या वे वंचित और किसानों के नेता थे इसलिए उन्हें अब तक भारत रत्न प्रदान नहीं दिया गया। चौधरी चरण सिंह पूरे देश के प्रधानमंत्री थे

उन्होंने अपने जीवन में हर वर्ग के लिए संघर्ष किया तथा हर वर्ग के उत्थान का प्रयास किया। सरकार द्वारा चौधरी साहब के बलिदान को नजरअंदाज करना इस देश की सवा सौ करोड़ जनता का अपमान हैं।

रोहित अग्रवाल ने कहा कि 23 दिसंबर को जब पूरा देश चौधरी साहब की जयंती किसान दिवस के रूप मना रहा, ऐसे खास दिन पर सरकार जनता की भावनाओं की कदर करते हुए चौधरी साहब के लिए भारतरत्न की घोषणा कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करे। रालोद को पूरी उम्मीद है कि राष्ट्रपति पत्र का संज्ञान लेते हुए पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के लिए भारत रत्न की घोषणा करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगी।