ट्रायल रन में नील गाय से टकराई ‘वंदे भारत’:आगरा ट्रैक पर 160 की स्पीड से दौड़ी

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) देश की हाईटेक और सुविधाओं से लैस वंदे भारत एक्सप्रेस का मंगलवार को आगरा में ट्रायल हो रहा है। कैंट स्टेशन से शाम 03.05 बजे ट्रेन 40 की स्पीड से निकली। इसके बाद करीब 9 मिनट में ही ट्रेन 4 किमी दूर राजा मंडी स्टेशन पर पहुंच गई। उस वक्त ट्रेन की स्पीड 70 किमी/घंटा थी।

बिल्लोचपुरा स्टेशन क्रॉस करने के बाद ट्रेन 160 की स्पीड से दौड़ने लगी। होडल के पास ट्रेन से एक नील गाय टकरा गई। कैटल रन की वजह से ट्रेन आधे घंटे तक होडल स्टेशन पर खड़ी रही। इसकी वजह से ढाई घंटे में दिल्ली पहुंची। इसके बाद वहां से वापस आगरा के लिए रवाना हो गई है। शाम 7.02 बजे ट्रेन वापस दिल्ली से चली। रात करीब 9 बजे दोबारा से आगरा पहुंच गई है।

खास बात ये है कि वंदे भारत आधुनिक खूबियों से लैस है। ट्रेन में 16 कोच हैं, जिनमें 14 एसी चेयर और दो एग्जीक्यूटिव कोच हैं। सभी कोच CCTV से लैस होंगे। बता दें, फरवरी 2019 में पहली ‘वंदे भारत ट्रेन’ वाराणसी से नई दिल्ली के बीच शुरू हुई थी। अब तक नई दिल्ली से वैष्णो देवी समेत छह रूटों पर चलाई जाएगी।

होडल पर ट्रेन से टकराई नीलगाय
मथुरा से आगे होडल स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर नील गाय आ गई। इससे ट्रेन नील गाय से टकरा गई। तेज आवाज होने से लोको पायलट ने ट्रेन को रोका। नीचे उतरकर देखा तो कैटल गार्ड क्षतिग्रस्त हो गया था। दुर्घटना के चलते ट्रेन को होडल स्टेशन से पहले आधे घंटे तक रुकी रही। इसके चलते ट्रेन लेट हो गई। ट्रेन शाम को साढे़ पांच बजे दिल्ली पहुंची।

गतिमान एक्सप्रेस के बाद दूसरी हाई स्पीड ट्रेन होगी
आगरा मंडल में अभी तक सबसे तेज गति की ट्रेन ‘गतिमान एक्सप्रेस’ है। इसकी अधिकतम स्पीड 200 किलोमीटर प्रति घंटे है। लेकिन ये अमूमन 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से संचालित होती है। आगरा में वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य आगरा-लखनऊ और आगरा-नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत ट्रेन चलाया जाना है।

इन स्टेशनों के बीच चलेगी नई ‘वंदे भारत’ ट्रेन
ट्रेन शनिवार को छोड़ छह दिनों तक चलाई जाएगी। ट्रेन भोपाल के कमलापति स्टेशन से सुबह 5.55 बजे चलेगी। 11.40 पर आगरा कैंट स्टेशन आएगी। 1.45 बजे दिल्ली के निजामुद्दीन स्टेशन पर पहुंचेगी। वापसी में निजामुद्दीन स्टेशन से 5.35 बजे छोड़ी जाएगी। शाम 7.20 पर आगरा कैंट स्टेशन आएगी। शताब्दी की तुलना में वंदे भारत ट्रेन एक घंटे से अधिक तेज रहेगी।

एक अप्रैल से ट्रेन चलाने की तैयारी
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी है। आगरा में स्टॉपेज के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। एक अप्रैल में इसका संचालन शुरू हो जाएगा। इसके लिए ट्रेन का दो बार ट्रायल रन हो चुका है। मंगलवार को तीसरा ट्रायल रन आगरा कैंट स्टेशन से निजामुद्दीन स्टेशन के बीच हुआ है।

उन्होंने बताया कि आगरा-दिल्ली ट्रैक 160 किमी स्पीड के लिए मुफीद है। ऐसे में यहां पर ट्रायल कर ट्रेन की फिजीविलिटी परखी जा रही है। आगरा से ट्रेन करीब पौने दो घंटे में दिल्ली पहुंचेगी। इसके बाद निजामुद्दीन से शाम सात बजे ट्रेन आगरा वापस आएगी।