ताजमहल का नाइट व्यू नहीं देख सकेंगे सैलानी, जानें इसकी वजह

Agra Zone

(www.arya-tv.com) रमजान के माह में तरावीह के लिए रात में खुल रहा हैै ताजमहल रात आठ से 1130 बजे तक शाही मस्जिद में तरावीह होती है। यहीं समय रात्रि दर्शन का होता है। ताजमहल का नाइट व्यू देखने के लिए एक दिन पहले से टिकट बुक करानी होती है।

आगरा, जागरण संवाददाता। माह में पूर्णिमा पर पांच दिन होने वाला ताज रात्रि दर्शन इस बार नहीं होगा। इन दिनों रमजान का माह चल रहा है। रमजान में ताज रात्रि दर्शन नहीं होता है। ताजमहल रोजाना रात आठ बजे से 11:30 बजे तक खुल रहा है। पूर्वी गेट से अकीदतमंदों को स्मारक में प्रवेश दिया जा रहा है।

चांद की धवल किरणें जब ताजमहल पर पड़ती हैं, तो उसमें जड़े कीमती पत्थर दमक उठते हैं। इस माह इस मनोरम नजारे से पर्यटकों को वंचित रहना पड़ेगा। तीन अप्रैल से शुरू हुआ रमजान का माह तीन मई तक चलेगा। रमजान में परंपरा के अनुसार ताजमहल को रात में तरावीह के लिए खोला जा रहा है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने इसके लिए पूर्वी गेट से अकीदतमंदों को प्रवेश देने की व्यवस्था की हुई है। रजिस्टर में एंट्री कराने के बाद उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है। अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. राजकुमार पटेल ने बताया कि रमजान में ताज रात्रि दर्शन नहीं होता है। अगले माह मई में रात्रि दर्शन होगा।

इस माह पूर्णिमा 16 अप्रैल को है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पूर्णिमा के अवसर पर माह में पांच दिन ताज रात्रि दर्शन होता है। पूर्णिमा से दो दिन पूर्व इसकी शुरुआत होती है और पूर्णिमा के दो दिन बाद तक ताज रात्रि दर्शन होता हैै।

सुप्रीम कोर्ट के नवंबर, 2004 के आदेश के अनुसार एक दिन में आधा-आधा घंटे के आठ स्लाट में ताज रात्रि दर्शन कराया जाता है। एक स्लाट में अधिकतम 50 पर्यटकों के बैच को प्रवेश मिलता है। रात 8:30 से 12:30 बजे तक होने वाले रात्रि दर्शन के लिए एक दिन पूर्व एएसआइ के माल रोड स्थित आफिस से टिकट बुक करानी होती है।