मोदी भूमि पूजन से पहले हनुमान गढ़ी में दर्शन के लिए जाएंगे

National

(www.arya-tv.com) अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चल रहे तीन दिन के अनुष्ठान के दूसरे दिन जन्मभूमि में रामार्चा पूजा हुई। काशी और अयोध्या के 9 वेदाचार्य ने पूजा कराई। यजमान के रूप में अशोक सिंघल के करीबी महेश बालचंदानी और उनकी पत्नी सुनीता बालचंदानी मौजूद रहीं। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंचेंगे। भूमि पूजन के दौरान वो 40 किलो चांदी की ईंट राम मंदिर की नींव में रखेंगे और मंदिर परिसर में पारिजात का पौधा लगाएंगे। इस पूजा से पहले मोदी हनुमान गढ़ी में दर्शन के लिए जाएंगे।

इस बीच, संघ प्रमुख मोहन भागवत अयोध्या पहुंच चुके हैं। वे पूजा में शामिल होंगे और मोदी के साथ मंच भी साझा करेंगे।

एसपीजी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस बीच, शहर में एसपीजी ने सुरक्षा संभाल ली है। शहर की सीमाएं सील कर दी गई हैं। 5 अगस्त तक बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक भी लगा दी गई है। स्थानीय लोगों को पहचान पत्र रखना जरूरी है।प्रधानमंत्री 5 अगस्त को पहले हनुमानगढ़ी पहुंचेंगे। फिर जन्म भूमि परिसर जाएंगे। वे यहां पारिजात का एक पौधा लगाएंगे। इस कार्यक्रम के लाइव कवरेज के लिए 48 से ज्यादा हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे दूरदर्शन और एएनआई न्यूज एजेंसी के हैं। अयोध्या में आज होने वाले दीपोत्सव और अन्य कार्यक्रमों के लिए चैनलों की ओबी वैन राम की पौड़ी में तीन दिन से लगी हुई हैं।