ट्रांस यमुना व दयालबाग में दो दिन नहीं आएगा पानी:हजारों लोगों को हो सकती है समस्या

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा की ट्रांस यमुना और दयालबाग क्षेत्र में शुक्रवार शाम और शनिवार सुबह लोगों को पानी के लिए दिक्कत का सामना करना पर सकता है। जलकल विभाग ने आदेश जारी कर लोगों को जल भंडारण करने की सलाह दी है। जिससे कि उन्हें पानी के लिए परेशानी ना उठानी पड़े।

जलकल विभाग के सचिव बीवी सिंह के अनुसार, शुक्रवार शाम को ट्रांस यमुना फेस टू में स्थित पंपिंग स्टेशन व ओवरहेड टैंक की सफाई का काम किया जाएगा। सफाई के काम के चलते ट्रांस यमुना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को और शनिवार सुबह पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। जिसकी वजह से ट्रांस यमुना फेस 1 फेस टू नुनिहाई और शाहदरा सहित कई अन्य क्षेत्रों में लोगों को पानी नहीं मिल पाएगा। ऐसे में उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि पहले से ही परेशानी से बचने के लिए पानी का भंडारण कर लें।

पानी के भंडारण की सलाह दी गई
वहीं उन्होंने बताया कि लॉयर्स कॉलोनी अदन बाग एक्सटेंशन में स्थित ओवरहेड टैंक की सफाई का भी कार्य किया जाना है। जिसके चलते दयालबाग क्षेत्र की कई कॉलोनियों में लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है। दयालबाग क्षेत्र के लॉयर्स कॉलोनी, जवाहर बाग, गणेश नगर, कौशलपुर, इंदिरा नगर, रणधीर नगर, ओम नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी, सरला बाग, अनुपम बाग, सुंदर बाग सहित कई कॉलोनियों में शुक्रवार शाम को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाएगी। हालांकि इन सभी कॉलोनियों में शनिवार सुबह से आपूर्ति होना शुरू हो जाएगी।

ट्रांस यमुना क्षेत्र के नुनिहाई, शाहदरा सहित अन्य क्षेत्रों में करीब 50000 से ज्यादा लोग निवास करते हैं। ऐसे में इन लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है। वही दयालबाग क्षेत्र की कई कॉलोनियों में हजारों लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ेगा। जलकल विभाग का कहना है कि पानी की किसी भी समस्या के लिए कंट्रोल रूम 8192095401 पर कॉल कर टैंकर भी मंगा सकते हैं। या फिर टोल फ्री नंबर 18002702722 पर कॉल कर सकते हैं।