मोदी के 71वें जन्मदिन के अवसर पर पटना के BJP कार्यालय में पटना आर्ट कॉलेज के स्टूडेंट्स ने बिखेड़ा कलाकारी

National

(www.arya-tv.com) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा हर साल ‘सेवा सप्ताह’ के रूप में मनाती रही है, लेकिन इस साल इसे ‘सेवा और समर्पण अभियान’ के रूप में विस्तार दिया गया है। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक यह अभियान चलेगा। 17 सितंबर से यह अभियान इसलिए शुरू हो रहा है, क्योंकि इस दिन PM का जन्मदिन है। 7 अक्तूबर 2001 को वह पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे, इसलिए 7 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा।

गुरुवार से ही पटना स्थित पार्टी कार्यालय में प्रधानमंत्री का भाजपा कला संस्कृति मंच की तरफ से जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। इसमें सैंड आर्ट से पीएम की तस्वीर भी बनाई जा रही है। 71वें जन्मदिन पर 71 वर्गफीट का सैंड आर्ट कॉलेज के छात्र तैयार कर रहे हैं। इसमें नरेंद्र मोदी भगवा रंग की बंडी में दिखेंगे। इसके अलावा शाम में भाजपा कार्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। सेवा-समर्पण अभियान को भाजपा 20 दिन का मेगा इवेंट बनाने जा रही है। इस दौरान बड़े पैमाने पर स्वच्छता और ब्‍लड डोनेशन कैंपेन के साथ कई अन्‍य कार्यक्रम आयोजित करने का प्‍लान है।

नदी-तालाब को साफ करने से लेकर रक्तदान तक का चलायेंगे अभियान
बिहार में पार्टी के कार्यकर्ता नदी-तालाबों को साफ करने के लिए अभियान चलाएंगे। होर्डिंग्‍स लगाई जाएंगी। इसमें PM मोदी को गरीबों को मुफ्त खाद्यान्न और वैक्‍सीनेशन के लिए धन्यवाद दिया जाएगा। पार्टी सदस्यों को ऐसी विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन करने को कहा गया है, जिनमें प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़ी झलकियां दिखाई जा सकें।

वर्चुअल इवेंट्स नमो ऐप पर भी चलाए जाएंगे। पार्टी के बयान में कहा गया- ‘सभी जन प्रतिनिधि राशन वितरण केंद्रों पर जाएंगे और प्रधानमंत्री को धन्यवाद देने के लिए वीडियो क्लिप बनाएंगे।’ यूथ विंग रक्तदान शिविर भी लगाएगी। प्रधानमंत्री के जीवन और उनकी उपलब्धियों से जुड़े ईवेंट्स में हिस्‍सा लेने के लिए जानी-मानी हस्तियों और बुद्धिजीवियों को बुलाया जाएगा। लोगों तक संदेश पहुंचे, इसके लिए अलग-अलग भाषाओं में दिग्‍गज शख्सियतों के लेख प्रकाशित किए जाएंगे।