मुंबई हमले के दोषियों को अब तक सजा नहीं मिलना पीड़ितों का अपमान’

Uncategorized

(www.arya-tv.com)अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने कहा कि 2008 के मुंबई हमले के साजिशकर्ताओं को अब तक सजा नहीं दिया जाना इस हमले में मारे गए 166 निर्दोष लोगों और उनके परिजनों का अपमान है। भारत के इतिहास में सबसे भयावह आतंकी हमलों में से एक इस हमले में छह अमेरिकी नागरिकों समेत 166 लोगों की जान चली गई थी जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादियों ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में एक साथ कई जगहों पर गोलीबारी कर भारी तबाही मचाई थी।

पोम्पिओ ने यहां विदेश विभाग के मुख्यालय ‘फॉगी बॉटम में संवाददाताओं से कहा कि इस कायराना हमले ने “समूची दुनिया को स्तब्ध” कर दिया था। उन्होंने कहा, “मुंबई आतंकी हमले की आज 11वीं बरसी थी। हम छह अमेरिकियों समेत हमले में मारे गए 166 निर्दोष लोगों को याद करते हैं।”

पोम्पिओ ने संभवत: प्रतिबंधित संगठन जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद और अन्य की मुंबई हमले में भूमिका के संदर्भ में कहा, यह पीढ़ियों और उनके परिवारवालों का “अपमान” है कि जिन लोगों ने मुंबई हमले को अंजाम दिया “उन्हें अब तक सजा नहीं मिली” है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी और लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक सईद को पाकिस्तान में आतंकी वित्त पोषण के मामले में इस साल 17 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।

अमेरिकी वित्त विभाग ने सईद को विशेष रूप से वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था। अमेरिका ने सईद को कानून के दायरे में लाने के लिये उसकी सूचना देने वाले को एक करोड़ अमेरिकी डॉलर का इनाम देने की पेशकश भी की है। दक्षिण और मध्य एशिया के लिये कार्यवाहक सहायक विदेश मंत्री एलिस वेल्स ने एक ट्वीट में अलग से पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इसबीच बड़ी संख्या में भारतीय अमेरिकी और पाकिस्तानी अल्पसंख्यक व जातीय समूहों के सदस्य यहां पाकिस्तानी दूतावास के बाहर एकत्र हुए और सीमा पार आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने में उसकी भूमिका को लेकर विरोध जताया।