यूपी की राजधानी लखनऊ में पिता की मौत के बाद इकलौते बेटे द्वारा अंगूठा लगवाकर 3 करोड़ की जमीन हड़पने की बात सामने आई है। उसने इस काम को करने में अपने चचेरे भाई को भी शामिल किया। जमीन अपने नाम कराने की नीयत से बेटे ने पिता के शव के अंतिम संस्कार से ठीक पहले सादे कागज पर उनका अंगूठा लगवा लिया। उसे ऐसा करते देख वहां मौजूद ग्रामीण हैरान रह गए। उन्होंने 9 जुलाई को आरोपी बेटे का ये वीडियो बना लिया था, जो 13 अगस्त गुरुवार को सामने आया।
जीते जी घर से बाहर निकाला, रिश्तेदारों के यहां गुजारी जिंदगी
घटना लखनऊ रहीमाबाद के खड़ौहा गांव की है। 75 साल के बुजुर्ग छत्रपाल की मौत के बाद उनके बेटे महेंद्र पर जमीन के लालच में मृत पिता के सादे कागजों पर अंगूठे के निशान लगवाने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों के मुताबिक, छत्रपाल और उनकी पत्नी शिवदेवी को उनके बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी कथित तौर पर लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि साल 2023 में बुजुर्ग दंपति को उनके पैतृक घर से बाहर निकाल दिया गया था। इसके बाद दोनों ने रिश्तेदारों के यहां रहकर अपनी जिंदगी गुजारी।
‘तीन बेटियों को प्रॉपर्टी देने को कहा था’
वहीं, इस घटना के संबध में बड़ी बेटी ने बताया कि पिता छत्रपाल ने बेटे-बहू के व्यवहार से परेशान होकर उन्हे प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया था। उन्होंने अपनी तीनों बेटियों को बाकी प्रॉपर्टी देने की बात कही थी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि छत्रपाल की मौत के बाद परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा था। इसी दौरान महेंद्र और उसके चचेरे भाई ने मृतक के हाथ का अंगूठा सादे कागजों पर लगाना शुरू कर दिया। आरोप है कि यह पूरी कवायद पिता की जमीन और संपत्ति से जुड़े कागजात अपने पक्ष में तैयार करने के मकसद से की जा रही थी। कुछ ग्रामीणों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
