सचिन तेंदुलकर ने अपनी फेवरेट डिश को लेकर कहा, संडे हो या मंडे मैं किसी भी दिन लूंगा

Game

(www.arya-tv.com) क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले भारत के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को खाने का शौकीन माना जाता है। वह कई बार इंटरव्यू के दौरान अपने पसंदीदा भोजन के बारे में बता चुके हैं। सचिन कभी-कभी खुद किचन में जाकर अपने लिए फेवरेट डिश तैयार करते हैं। वह महाराष्ट्र की खास डिश मिसल पाव के दीवाने हैं। मिसल पाव से संबंधित उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह अपनी इस पसंदीदा डिश के बारे में बात कर रहे हैं। 

सचिन तेंदुलकर ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह मिसल पाव खाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के कैप्शन ने सचिन ने लिखा, रविवार हो या सोमवार मैं किसी भी दिन मिसल पाव लूंगा। इसके बाद उन्होंने आगे लिखा की आपका पसंदीदा नाश्ता क्या है। सचिन तेंदुलकर वीडियों में कहते हैं कि महाराष्ट्र का मिसल पाव एक नंबर है। 

यह बात किसी से छिपी नहीं है कि सचिन तेंदुलकर फूडी हैं। वह खाने के कितने शौकीन है इसके बारे में कई बार उनके साथ खेल चुके खिलाड़ियों ने बताया है। सचिन वडा पाव के अलावा कीमा पराठा, प्रॉन मसाला और लस्सी के दीवाने हैं। इसके अलावा वह जापानी भोजन के भी शौकीन हैं। वह एक बेहतरीन कुक हैं। एक बार उन्होंने पूरी भारतीय टीम के लिए बैंगन का भर्ता बनाया था। सचिन सीफूड बड़े चाव से खाते हैं। सचिन मां के हाथ के बने भोजन के अलावा क्रैब भी खाना पसंद करते हैं।