जंग के 229वें दिन कीव पर सबसे बड़ा रूसी हमला

International

(www.arya-tv.com) रूस और यूक्रेन की जंग बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई। रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत 9 शहरों पर सोमवार देर रात 83 मिसाइलें दागीं। 12 लोग मारे गए और 57 घायल हैं। रूसी राष्ट्रपति पुतिन के मुताबिक- अगर यूक्रेन ने रूस के शहरों और एटमी ठिकानों को निशाना बनाया तो आगे अंजाम भयानक होगा।

शनिवार को यूक्रेन ने रूस का कर्च ब्रिज उड़ा दिया था। 48 घंटे बाद रूस ने बदला लिया। सोमवार के हमले में यूक्रेन का पारकोवी ब्रिज भी तबाह हो गया। यह नाइपर नदी पर पैदल यात्रियों के लिए बनाया गया था।

सोमवार को जंग के अहम अपडेट

  • यूक्रेन पर हमले के बाद पुतिन ने एक वीडियो जारी किया। कहा- सोमवार के हमले में हमने घातक हथियार इस्तेमाल किए। यूक्रेन का इन्फ्रास्ट्रक्चर तबाह किया जाएगा। रूस के शहरों और खासतौर पर एटमी ठिकानों को तबाह करने की साजिश है।
  • पुतिन का जवाब यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दिया। कहा- अगर मॉस्को यह सोचता है कि वो हमें झुका लेगा तो यह उसकी गलतफहमी है। यूक्रेन के लोग न झुकेंगे और न रुकेंगे। हर हमले का माकूल जवाब बहुत जल्द दिया जाएगा।
  • जेलेंस्की ने कहा- आज के हमलों के बाद फौरन G7 की मीटिंग बुलाई जानी चाहिए। रूस ने आतंकी हमले किए हैं।
  • ‘कीव इंडिपेंडेंट’ के मुताबिक, यूक्रेन में सभी स्कूल बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है। 14 अक्टूबर तक सिर्फ ऑनलाइन क्लासेज ऑपरेट होंगी।

    7 महीने बाद यूक्रेन पर ऐसे हमले
    रूस-यूक्रेन जंग को शुरू हुए 7 महीने हो गए हैं। फरवरी के आखिर में जंग की शुरुआत में रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े मिसाइल हमले किए थे। हालांकि, यूक्रेन की तरफ से कड़ी टक्कर मिलने के बाद अप्रैल में रूस ने कीव से सैनिक वापस बुला लिए थे। अब फिर कीव पर हमले शुरू कर दिए गए हैं।

    कीव में रॉकेट के विस्फोट से हुए गड्‌ढे नजर आ रहे हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा- हमलों में कई लोग मारे गए हैं। राजधानी में आग और धुंआ दिख रहा है। हमले को लेकर यूक्रेन की डिफेंस मिनिस्ट्री ने ट्वीट किया। कहा- हम नहीं झुकेंगे, हम लड़ते रहेंगे। कुछ देर बाद राष्ट्रपति ने भी यही बात दोहराई।

    आज जंग का 229वां दिन
    जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर धमाके का एक वीडियो शेयर करते हुए कहा- आज जंग का 229वां दिन है। रूस हमें पूरी तरह खत्म करके धरती से हमारा नामोनिशान मिटा देना चाहता है। जापोरिजिया में अपने घरों में सो रहे लोगों को खत्म कर देना चाहता है। कीव और निप्रो में काम पर जा रहे लोगों को मार देना चाहता है।