यूक्रेन से राजेंद्र नगर अपने घर पहुंचे दवा कारोबारी, ​बताया यूक्रेन में क्या-क्या हुआ

Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) सुबह करीब पांच बजे होंगे, तेज धमाका हुआ और आंख खुल गई। खिड़की का पर्दा हटाकर देखा आसमान से आग के गोले बरस रहे थे। पल भर में नींद काफूर हो गई। धड़कनें बढ़ने लगी, किसी तरह खुद को संभाला। आसपास के लोग भी घबराकर उठ गए। इसके बाद फिर 11 बजे हमले हुए। कई बम गिराए गए। तभी घर के करीब पांच सौ मीटर दूर पर एक बम गिरा तो पूरी शरीर कांप उठा। इसके बाद बमबारी कम हुई तो सभी लोग बाजार से खाने-पीने का सामान लेने निकले। गाड़ियों में पेट्रोल भी भरवा लिया। हमले से लोगों में दहशत बनी हुई है।

यह बातें यूक्रेन के दवा कारोबारी अनुज गोयल ने फोन पर साझा कीं। वह यहां राजेंद्र नगर में रहने वाले रामकिशोर अस्पताल के संचालक डा. सौरभ गोयल बड़े भाई हैं। यूक्रेन की पोर्ट सिटी अडेसा में रहने वाले अनुज गोयल वहां दवा का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि यूक्रेन में वहां से ज्यादा रूस के लोग रहते हैं। यह नहीं लग रहा था कि रूस यहां हमला कर देगा। बोले, असेडा से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर रूस का बार्डर प्रिमिसथोस मलदाविया है।

वहां से गुरुवार सुबह पांच बजे रूस ने मिसाइलें दागनी शुरू कर दी। सुबह पांच बजे करीब 70 मिसाइलें दागीं। दोपहर 11 बजे के बाद पांच-छह बड़े राकेट दागे गए। इस बार निशाना हमारे घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर था। उसी वक्त एक बम घर के मात्र पांच सौ मीटर दूरी पर गिरा। इससे हम ही नहीं आसपास के सभी लोग घबरा गए। गनीमत यह थी कि पत्नी प्रिया और दोनों बेटियां अनुष्का, अलीशा तीन दिन पहले ही पेरिस घूमने चले गए थे।

उन्हें वही से सीधे भारत भेज दिया। शुक्रवार को वह राजेंद्र नगर पहुंच गए हैं। शुक्रवार को अडेसा के आसपास हमले नहीं हुए। यूक्रेन की राजधानी जो यहां से करीब पांच सौ मीटर दूर है, वहां हमला हुआ है। फिलहाल यहां से निकलने का कोई रास्ता नहीं है। सभी सेवाएं बंद की हुई है, हालांकि सुरक्षित हैं, लेकिन खतरा सिर पर मंडरा रहा है।