जल्द घोषित होगी रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा की तारीख

# Education

(www.arya-tv.com) रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की केंद्रीकृत रोजगार सूचना (सीईएन) सं. RRC-01/20219 के अंतर्गत 1 लाख से अधिक ग्रुप डी (7वे सीपीसी के लेवल 1) पदों के लिए परीक्षा की तारीख की घोषणा जल्द ही की जा सकती है। बोर्ड द्वारा देश भर के विभिन्न जोन में ग्रुप डी के 1,03,739 पदों पर भर्ती निर्धारित चयन प्रक्रिया के अंतर्गत पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का आयोजन किया जाना है। यह परीक्षा पहले सितंबर/अक्टूबर 2019 में आयोजित होनी थी। हालांकि, रेलवे की दूसरी परीक्षाओं और पूरे देश में फैली महामारी के चलते रेलवे ग्रुप डी परीक्षा का आयोजन अभी तक नहीं हुआ है। दूसरी तरफ, रेलवे ग्रुप डी एग्जाम 2021 डेट का इंतजार कर रहे लोगों ने हाल ही सोशल मीडिया पर परीक्षा तारीख घोषित किये जाने को लेकर आंदोलन चलाया था।

इस बीच उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा ग्रुप डी भर्ती के लिए सीबीटी की तिथि से सम्बन्धित अपडेट विभिन्न जोन में आरआरबी की वेबसाइट पर की जाएगी और उम्मीदवार अपने सम्बन्धित जोन की आरआरबी वेबसाइट पर परीक्षा के अपडेट ले पाएंगे। इस बीच उम्मीदवारों रेलवे ग्रुप डी एग्जाम 2021 सीबीटी डेट के लिए परेशान होने की बजाय अपनी तैयारियों को और भी मजबूत करना चाहिए।

रेलवे ग्रुप डी सीबीटी परीक्षा योजना

आरआरबी ग्रुप डी भर्ती परीक्षा कंप्यूटर आधारित यानि सीबीटी मोड में होगी। परीक्षा की अवधि 90 मिनट निर्धारित है और इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। हर प्रश्न के लिए 1 अंक निर्धारित हैं। आरआरबी ग्रुप डी सीबीटी 2021 में निगेटिव मार्किंग भी होगी और हर गलत उत्तर के लिए एक तिहाई यानि 1/3 अंक काटे जाएंगे।

इन टॉपिक्स से पूछे जाएंगे प्रश्न

रेलवे ग्रुप डी सीबीटी 2021 परीक्षा में जिन विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे, उनमें गणित (25 प्रश्न), सामान्य विज्ञान (25 प्रश्न), सामान्य बुद्धिमत्ता और तर्कशक्ति (30 प्रश्न) एवं सामान्य जानकारी एवं सामयिक विषय (20 प्रश्न) शामिल हैं। इन विषयों के जिन टॉपिक्स से प्रश्न पूछे जाएंगे, वे निम्नलिखित हैं –

गणित – संख्या पद्धति, बॉडमास, दशमलव, भिन्न, एलसीएम, एचसीएफ, अनुपात व समानुपात, प्रतिशतता, मेंशुरेशन, समय एवं कार्य, समय एवं दूरी, साधारण एवं चक्रवृद्धि ब्याज, लाभ एवं हानि, बीचगणित, ज्यामिती एवं त्रिकोणमिति, प्रारंभिक सांख्यिकी, वर्गमूल, आयु-गणना, कैलेंडर एवं क्लॉक, नल एवं टंकी, इत्यादि।

सामान्य बुद्धिमत्ता और तर्कशक्ति – अनुरूपता, वर्णानुक्रम एवं संख्या श्रृंखला, कोडिंग और डिकोडिंग, गणितीय संक्रियाएं, संबंध, प्रतीकों द्वारा प्रस्तुति, जम्बलिंग, वेर आरेख, आकड़ा निर्वचन एवं पर्याप्तता, निष्कर्ष एवं निर्णयन, समानताएं एवं अंतर, विश्लेषणात्मक तर्कशक्ति, वर्गीकरण, दिशाएं, कथन-तर्क एवं धारणाएं, इत्यादि।

सामान्य विज्ञान – इसके अंतर्गत दसवीं स्तर (सीबीएसई) के भौतिकी, रसायन विज्ञान और जैविक विज्ञान के प्रश्न शामिल होंगे।

सामयिक विषयों की जानकारी – इसके अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेलकूद, संस्कृति, व्यक्तिविशेष, अर्थशास्त्र, राजनीति एवं अन्य महत्व के विषयों पर आधारित प्रश्न होंगे।

न्यूनतम अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार देंगे फिजिकल

रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित चयन प्रक्रिया के अनुसार रेलवे ग्रुप डी सीबीटी 2021 में श्रेणीवार निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को ही मेरिट के आधार पर अगले चरण यानि शारीरिक दक्षता परीक्षा में सम्मिलित किया जाएगा। इसके अंतर्गत अनारक्षित और EWS उम्मीदवारों को सीबीटी में सफल घोषित किये जाने के लिए कम से कम 40 फीसदी यानि 40 अंक प्राप्त करने जरूरी हैं। इसी प्रकार, ओबीसी (एनसीएल), एससी और एसटी उम्मीदवारों को न्यूनतम 30 फीसदी यानि 30 अंक मिलना चाहिए। दिव्यांग उम्मीदवारों को उनकी श्रेणी में 2 फीसदी की अतिरिक्त छूट दी जाएगी।