brijesh patak

2382 डॉक्टरों को भर्ती करने के लिए लोक सेवा आयोग को भेजा गया प्रस्ताव – उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक

Lucknow
  • चिकित्सकों की कमी होगी दूर, प्रदेशवासियों को बहुत जल्द मिलेंगे स्वास्थ्य विशेषज्ञ

लखनऊ। अब प्रदेशवासियों को आने वाले समय में चिकित्सकों कमी से निराश नहीं होना पड़ेगा यह कमी बहुत जल्द दूर की जायेगी इसके लिए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा 2382 डॉक्टरों को भर्ती करने के लिए लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव जारी किया गया है। संविदा, पुनर्नियुक्त और नियमित डॉक्टरों की भर्ती की जा रही है। डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण भी दिलाया जा रहा है। डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जा रहा है। मंजूरी मिलते ही डॉक्टरों की भर्ती की जायेगी। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को कहा कि पुरानी सरकारें डॉक्टरों की भर्ती को लेकर गंभीर नहीं थीं। इस वजह से अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी हमेशा बनी रही। डॉक्टरों के रिटायर होने से संकट और गहरा हो गया। अस्पतालों की दशा सुधारने की दिशा में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2382 पदों पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती के लिए अधियाचन लोक सेवा आयोग भेजा जा चुका है।

डिप्टी सीएम ने बताया कि नेशनल हेल्थ मिशन के तहत 1903 डॉक्टर संविदा पर भर्ती किये एवं 344 रिटायर हो चुके डॉक्टर पुनर्नियोजन पर रखे जा चुके हैं। संविदा पर आने वाले डॉक्टरों को पांच लाख रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किये जाने का भी प्रावधान किया गया है। इससे डॉक्टरों का सरकारी सेवा के प्रति रूझान व जिम्मेदारी बढ़ेगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इमरजेंसी सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए जनपद स्तर पर लगभग 120 एनस्थीसिया विशेषज्ञों को एडवांस लाइफ सपोर्ट ट्रेनिंग का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। लखनऊ के केजीएमयू को यह प्रशिक्षण मुहैया कराने की जिम्मेदारी सौपी गई है। प्रत्येक अस्पताल में एडवांस लाइफ सपोर्ट ट्रेनिंग का प्रशिक्षण प्राप्त एक डॉक्टर की तैनाती की यथा स्थान पर की जाएगी।