तेज बुखार होने के कारन प्रियंका का मुरादाबाद दौरा टला ; होगा दोबारा तय

# ## UP

(www.arya-tv.com)कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें वायरल फीवर हुआ है। प्रियंका का आज सोमवार को मुरादाबाद में कार्यक्रम तय था। प्रियंका गांधी प्रतिज्ञा सम्मेलन को संबोधित करने वाली थीं। लेकिन ऐन मौके पर उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। एक दिन पहले बुलंदशहर के दौरे पर भी उन्हें हल्का बुखार था। प्रियंका ने कहा है कि बुखार खत्म होते ही दोबारा मुरादाबाद का कार्यक्रम तय होगा।

अजय कुमार लल्लू करेंगे संबोधित
प्रियंका को दोपहर 12 बजे मुरादाबाद पहुंचना था। लेकिन, दोपहर 12:30 बजे कार्यक्रम में उनके न पहुंचने की खबर मिली। प्रियंका को यहां वेस्ट यूपी के 12 जिलों के कांग्रेस पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करना था। लाइनपार रामलीला मैदान में कांग्रेस महासचिव के कार्यक्रम के लिए तैयारियां की गई हैं। अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और अन्य वरिष्ठ नेता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

मुरादाबाद में है प्रियंका की ससुराल
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा मुरादाबाद के ही रहने वाले हैं। इसी वजह से कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका से मुरादाबाद से चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं। सम्मेलन में मुरादाबाद, बरेली और सहारनपुर मंडल के पदाधिकारी पहुंचे हैं। प्रियंका के ऑफिस की तरफ से जानकारी दी गई है कि वायरल फीवर की वजह से वे कार्यक्रम में नहीं पहुंच सकेंगी।