दिल्ली में 91 रुपए के पार हुआ पेट्रोल, मुंबई में 97.47 रुपए पर पहुंचा

Business

(www.arya-tv.com)तेल कंपनियों ने आज एक बार फिर से पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के साथ दिल्ली में पेट्रोल 91.17 रुपए और मुंबई में 97.47 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। आज दिल्ली में पेट्रोल 24 पैसे और डीजल 15 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ हैं। राजस्थान के गंगानगर में पेट्रोल 101.84 और मध्यप्रदेश के अनूपपुर में 101.59 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इस महीने ये 16वीं बार बढ़ोतरी की गई है।

58 दिनों में ही 26 बार बढ़े दाम

फरवरी में अब तक 27 दिनों में पेट्रोल-डीजल के रेट में 16 बार बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान दिल्ली में पेट्रोल 4.62 रुपए और डीजल 4.74 रुपए महंगा हुआ है। इससे पहले जनवरी में रेट 10 बार बढ़े। इस दौरान पेट्रोल की कीमत में 2.59 रुपए और डीजल में 2.61 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। वहीं अगर 2021 की बात करें तो इस साल अब तक पेट्रोल 7.12 रुपए और डीजल 7.45 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है।

ब्रेंट क्रूड 66 डॉलर प्रति बैरल पार हुआ
शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 65.97 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया। गोल्डमैन सैक्श ने अगले कुछ महीने में क्रूड का भाव 70 डॉलर तक पहुचने की भविष्यवाणी की है। ऐसे में पेट्रोल-डीजल के और महंगे होने की संभावना है।

सर्दियों के बाद कम होंगे दाम
पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को कहा कि सर्दियों का सीजन खत्म होने के बाद इनकी कीमतें कम हो जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में बढ़ोतरी से भी उपभोक्ता प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि सर्दियों के जाते ही कीमतों में गिरावट आ जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि यह एक अंतरराष्ट्रीय मामला है। मांग बढ़ने से कीमतें बढ़ जाती हैं। सर्दियों में अक्सर ऐसा होता है।

अब तक पांच राज्यों ने टैक्स में कटौती की
जनता के विरोध के बीच अब तक पांच राज्य सरकारें पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले टैक्स में कटौती कर चुकी हैं। इन राज्यों में राजस्थान, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और नागालैंड शामिल हैं। पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने कुछ दिनों पहले ही यह साफ कर दिया था कि सरकार पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले टैक्स में कोई कटौती नहीं करेगी।

2017 से रोजाना तय होने लगीं पेट्रोल-डीजल की कीमतें
15 जून 2017 से देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें रोजाना आधार पर बदलना शुरू हो गईं। इससे पहले हर तिमाही बदलाव होता था। दाम रोजाना सुबह 6 बजे अपडेट होते हैं। रोज का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लि. (IOCL) के कस्टमर RSP के साथ शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर, BPCL ग्राहक RSP लिखकर 9223112222 नंबर पर और HPCL कस्टमर HPPrice लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजकर दाम पता कर सकते हैं।