Uttrakhand: अल्मोड़ा में पेट्रोल-डीजल का संकट, चार पंपों में खत्म हुआ तेल

# ## National

 सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में गुरुवार को पेट्रोल-डीजल की किल्लत के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगर के पांच पेट्रोल पंपों में से चार पंपों पर पेट्रोल समाप्त हो गया, जिससे लोग ईंधन के लिए इधर-उधर भटकते रहे। वहीं पांडेखोला स्थित एकमात्र पंप पर पेट्रोल-डीजल मिलने से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन वहां भी सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ के चलते लक्ष्मेश्वर से लेकर विकास भवन तक लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

नगर में कुल पांच पेट्रोल पंप संचालित हैं। इनमें माल रोड के शिखर तिराहे और पांडेखोला के एक पंप पर इन दिनों सुधार कार्य चल रहा है। ऐसे में ईंधन का पूरा दबाव जिला अस्पताल, धारानौला और पांडेखोला के दूसरे पंप पर आ गया है। ऊपर से इन दिनों पर्यटन सीजन होने के कारण अल्मोड़ा में पर्यटकों की संख्या भी बढ़ गई है, जिससे पेट्रोल-डीजल की मांग अचानक बढ़ गई। गुरुवार को जिला अस्पताल, धारानौला और शिखर तिराहे के पास स्थित पंपों पर पेट्रोल समाप्त हो गया। लोग पेट्रोल मिलने की उम्मीद में एक पंप से दूसरे पंप की ओर भटकते रहे।

स्कूल बसों के थमे पहिए
ईंधन संकट का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ा। कई स्कूल बसों को पेट्रोल-डीजल नहीं मिलने के कारण उनके संचालन पर संकट खड़ा हो गया है। यदि जल्द स्थिति सामान्य नहीं हुई तो बस सेवाएं बंद होने की आशंका जताई जा रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता अभिभावकों में बढ़ गई है।

एक पंप पर बढ़ा दबाव
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति बाधित चल रही है। अधिकांश पंपों पर ईंधन खत्म होने के कारण पूरे शहर का दबाव एक ही पंप पर आ गया। भारी संख्या में वाहनों के पहुंचने से कई बार सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

प्रशासन ने की अपील
जिला पूर्ति अधिकारी करुणा पंत ने बताया कि जनपद में पेट्रोल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि दो पेट्रोल पंपों पर मेंटेनेंस कार्य के चलते अस्थायी रूप से आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसे जल्द ही सुचारू कर दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि अनावश्यक रूप से पेट्रोल का भंडारण न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन भरवाएं, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या पैनिक की स्थिति उत्पन्न न हो।