- भैंसोरा में शुरू हुआ अत्याधुनिक FCTS प्लांट, लखनऊ की स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत
- मंत्री ए.के. शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया उद्घाटन
राजधानी लखनऊ को स्वच्छ और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को जोन-4 के भैंसोरा क्षेत्र में अत्याधुनिक FCTS (फिक्स्ड कॉम्पेक्टर ट्रांसफर स्टेशन) प्लांट का उद्घाटन नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल की मौजूदगी में किया गया। लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्लांट की क्षमता प्रतिदिन करीब 150 टन कूड़े के निस्तारण की है।
- आधुनिक तकनीक से मजबूत होगी कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में जलभराव, नाली और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। फैजुल्लागंज क्षेत्र में लंबे समय से लंबित नाले का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि किला मोहम्मदी नाले का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई न दें और नियमित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
- महापौर बोलीं- स्वच्छ और हरित लखनऊ हमारा लक्ष्य
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य लखनऊ को देश के सबसे स्वच्छ और हरित शहरों में शामिल करना है। उन्होंने बताया कि भैंसोरा स्थित यह आधुनिक FCTS प्लांट कूड़ा निस्तारण प्रक्रिया को तेज और व्यवस्थित बनाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए आधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम को बढ़ावा दिया जा रहा है।
- शहर में 51 PCTS और FCTS केंद्रों की तैयारी
नगर निगम द्वारा शहर के आठ जोन में कुल 51 स्थानों पर PCTS और FCTS केंद्र स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इनमें से 24 स्थानों पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 15 स्थानों पर काम तेजी से जारी है। शेष 12 स्थानों पर जल्द निर्माण शुरू किया जाएगा। भैंसोरा प्लांट के शुरू होने से भरवारा, मल्हौर, खरगापुर और गोमती नगर विस्तार समेत आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।
- इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग और हरियाली पर विशेष फोकस
करीब दो एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक परिसर में 150 वाहनों के लिए चार्जिंग पॉइंट की व्यवस्था की गई है, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही परिसर में हरित विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है और अब तक करीब 4000 पौधों का रोपण किया जा चुका है।
- कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद ममता रावत, संजय सिंह राठौर, मधुबाला त्रिपाठी, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, चीफ इंजीनियर सिविल महेश वर्मा, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
