यूपी में कृषि कानूनों पर किसानों को गुमराह कर रहा विपक्ष, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताई ये बात

Bareilly Zone UP

बरेली(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सर्किट हाउस में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को कहा कि किसानों का नुकसान करने वाले ही आज पंचायतें कर रहे हैं। लंबे समय तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस ने किसानों का कभी भी भला नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों की वजह से किसान न सिर्फ गरीब बन रहा था बल्कि आत्महत्या करने तक को मजबूर हो गया था। उन्होंने कहा कि नवाबगंज में धान खरीद में हुई गड़बड़ी के मामले में जांच कराई जा रही है जो भी दोषी होगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। कुछ सवालों पर कृषि मंत्री नाराज भी हुए।

प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसानों की दुर्दशा की जिम्मेदार कांग्रेस है। प्रियंका और राहुल गांधी के पूर्वजों की सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान की हालत खराब हुई और किसानों ने खुदकुशी तक की। किसानों को इस हालात से उबारने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगे हुए हैं अब किसान की आय दोगुनी हो रही है।