ताजनगरी आगरा में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है. पानी की समस्या, जाम सीवर और बदहाल सड़कों से परेशान स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
मामला शहर के भीमनगर और लंगड़े की चौकी क्षेत्र का है, जहां लंबे समय से विकास कार्य नहीं होने से नाराज लोगों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने जनप्रतिनिधियों की तस्वीरों पर माल्यार्पण किया, उनका प्रतीकात्मक मुंडन कराया और ‘तेरहवीं’ मनाकर अपना आक्रोश जाहिर किया.
बीजेपी पार्षद ने नाले में उतरकर काटा केक
इस विरोध प्रदर्शन का सबसे चर्चित दृश्य तब सामने आया, जब स्थानीय बीजेपी पार्षद किशन नायक खुद गंदे नाले में उतर गए. पार्षद ने नाले के बीच खड़े होकर केक काटा और क्षेत्र की बदहाली के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. उनका कहना था कि जब बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती, तो जनता की आवाज उठाने के लिए ऐसे कदम उठाने पड़ते हैं.
बीजेपी पार्षद ने कहा कि अब तो प्रशासन को जाग जाना चाहिए. वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में पिछले करीब दस वर्षों से नाला निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है. बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी के कारण लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को शिकायतें देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.
समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वार्ड 12 में सड़क, सीवर और जल निकासी की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. फिलहाल, यह अनोखा विरोध प्रदर्शन शहर में चर्चा का केंद्र है.
