आज आसमान में एक साथ 5 ग्रह :खुली आंखों से दिखाई देंगे बुध, शुक्र, मंगल, बृहस्पति और अरुण

# ## Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com) खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष में रूचि रखने वालों के लिए आज का दिन बेहद खास है। क्योंकि आज आसमान में एक दुर्लभ नजारा दिखेगा। आसमान में एक साथ 5 ग्रहों की परेड होगी। अंतरिक्ष में एक साथ 5 ग्रह एक सीध में नजर आएंगे। जिसे आप अपनी साधारण आंखों से भी देख सकते हैं। खगोल विज्ञान में इस घटना को प्लेनेट परेड या प्लेनेट्स एलाइनमेंट भी कहा जाता है। यह एक दुर्लभ संयोग होता है। इसे पिछली बार 24 जून 2022 को देखा गया था और अगली बार आप इसे 8 सितंबर 2024 को देख पाएंगे।

कौन कौन से ग्रह देंगे दिखाई
गोरखपुर नक्षत्र शाला (तारामंडल) के खगोलविद अमर पाल सिंह के मुताबिक, ग्रहों की यह परेड सूर्यास्त के साथ ही दिखने शुरू हो जाएंगे। इनमें बुध ग्रह, शुक्र ग्रह, मंगल ग्रह, बृहस्पति ग्रह, और अरुण ग्रह को आज आप अपनी खुली आंखों से सीधा देख सकते हैं।

इस समय दिखेगा प्लेनेट परेड
खगोलविद ने बताया कि यह खगोलीय घटना ठीक सूर्यास्त के बाद से दिखना शुरू हो जाएगी। भारत में सूर्यास्त का समय शाम 06:36 है। ऐसे में गोरखपुर सहित अन्य शहरों में ग्रहों की अच्छी दृश्यता के लिए शाम 06:36 से 07:15 तक इस खगोलीय घटना को अच्छे से देखा जा सकता है।

सूर्यास्त के बाद नहीं दिखेगा बुध और बृहस्पति ग्रह
खगोलविद ने बताया कि सूर्यास्त के साथ ही बुध ग्रह और बृहस्पति ग्रह दिखाई देना बंद हो जाएंगे। ऐसे में आप अगर जिसने निर्धारित समय को मिस कर दिया, वो यह अनोखा नजारा देखने से चूक जाएगा। बुध ग्रह और बृहस्पति ग्रह को लगभग शाम 06:36 बजे और अरुण ग्रह को 08:44 बजे और शुक्र ग्रह को 08:34 बजे तक देखा जा सकता है।

पश्चिम की तरफ दिखेंगे ग्रह
खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि इस दुर्भल नजारे को देखने के लिए जैसे ही सूर्यास्त होने वाला हो आप पश्चिम दिशा की तरफ मुंह करके आसमान में देखें। इस दौरान इस बात का ध्यान रहे कि आकाश साफ हो। कुछ ही देर में आपको ये पांचों ग्रह एक साथ लाइन में दिखने लगेंगे।

दूरबीन से दिखेगा बेहतर नजारा
अगर आपके पास कोई दूरबीन है तो आप और भी ज्यादा स्पष्ट रूप से दीदार कर सकते हैं। साधारण दिनों में दो या तीन ग्रहों को ही देख सकते हैं। लेकिन, इस बार आप चमकते चांद के साथ ही पांच ग्रहों की महा परेड को अपने घर से ही देख सकते हैं। वहीं, अरुण ग्रह को साधारण आंखों से देखना मुश्किल होता है।