कोलकाता: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में कई रैलियों को संबोधित किया। सूबे की बागदा, कटवा और नबद्वीप विधानसभा क्षेत्रों में रैलियों को संबोधित करते हुए योगी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। योगी ने कहा कि प्रथम चरण में मतदान के रुझान बताते हैं कि 4 मई को सूबे में बीजेपी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद तृणमूल कांग्रेस के गुंडे बंगाल की सड़कों पर झाड़ू लगाते हुए नजर आएंगे।
‘TMC के गुंडे अपनी जान बचाने के लिए भागते फिरेंगे’
योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘152 विधानसभाओं में चुनाव और रुझान बताते हैं कि 4 मई को जब ईवीएम खुलेगी तो कमल ही कमल हर जगह खिलता हुआ दिखाई देगा। डबल इंजन सरकार बनेगी तो टीएमसी के गुंडों को सिर छुपाने के लिए जगह नहीं मिलेगी। और मैं तो देख रहा था कि कल टीएमसी के बहुत सारे गुंडे अभी से अपने लिए काम धंधे की तलाश कर रहे हैं। कोई सोच रहा है कहां मैं पंचर की दुकान बनाऊं और कोई अपना झाड़ू लेकर के अब बंगाल की सड़कों पर झाड़ू लगाते हुए दिख रहा है। ये सभी अपनी जान बचाने के लिए भागते फिरेंगे।’
‘टीएमसी के शासन में 30 लाख नौजवान बेरोजगार हुए’
योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए आगे कहा, ‘बंगाल में टीएमसी के शासन में 30 लाख नौजवान बेरोजगार हुए हैं, उद्योग बंद हुए हैं क्योंकि टीएमसी का मतलब है टेरर, माफिया राज एंड करप्शन। भय के साए में, टेरर के साए में उद्योग धंधे नहीं लगते, विकास नहीं होता। जहां करप्शन होगा वहां उद्योग नहीं लगते हैं, और इसीलिए टीएमसी मुक्त बंगाल के भाव के साथ 23 अप्रैल को बंगाल के अंदर पहले चरण का मतदान हुआ है। बंगाल के अंदर रिकॉर्ड तोड़ मतदाताओं ने मतदान में भाग लिया।’
‘…लेकिन बंगाल में ममता दीदी को इन सबसे चिढ़ है’
ममता सरकार पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘बंगाल की वही धरा है जहां से निकला एक युवा सन्यासी दुनिया के अंदर जाता है और पूरे भारतीयों का आह्वान करता है कि गर्व से कहो कि हम हिंदू हैं। याद करिए स्वामी विवेकानंद हमें हिंदू बनने के लिए गौरव की अनुभूति करवाते हैं। भारत की आध्यात्मिक परंपरा के साथ स्वामी रामकृष्ण परमहंस हमें जोड़ते हैं, लेकिन बंगाल में ममता दीदी को इन सबसे चिढ़ है। बंगाल में जय श्री राम बोलने पर दीदी नाराज होती हैं। दुर्गा पूजा करने में उनको परेशानी होती है। कोलकाता हाईकोर्ट को आदेश देना पड़ा था कि जो दुर्गा पूजा की शोभा यात्रा पर हमला करने वालों पर सख्ती बरतनी चाहिए।’
