काशी में दूल्हा बने महादेव, चांदी के सिंहासन पर खादी पहनकर बैठे बाबा विश्वनाथ

# ## Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) बाबा शिव की नगरी काशी में हर्षोल्लास है। महादेव दूल्हा बने हैं। तिरंगा श्रृंगार के बाद मथुरा से लाए गए खादी के वस्त्र काशी विश्वनाथ को पहनाए गए। मंगल गीत, डमरू और शहनाई की गूंज के बीच चांदी के सिंहासन में बैठाकर उनका तिलक चढ़ाया गया।

ये ​​​श्रीकाशी विश्वनाथ का 358वां​​​ तिलकोत्सव है। गुरुवार को स्वदेशी खादी परिधान में बाबा ने दूल्हा बनकर भक्तों को दर्शन दिया। महादेव की पंच बदन रजत प्रतिमा सजाई गई। लग्न के अनुसार, ठीक 7 बजे शाम बाबा के तिलक की रस्में पूरी की गईं। तिलक का थाल लेकर बाबा की आरती उतारी गई। महिलाओं ने मंगल गीत गाया।

शहनाई की मंगल ध्वनि और डमरुओं के निनाद पर हर एक रस्मों को पूरा किया गया। तिलक के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो गए। पूर्वांचल भर के कलाकार बाबा के भजन गा रहे हैं। अब महा शिवरात्रि पर विवाह और रंग भरी एकादशी पर बाबा का गौना होगा।

इससे पहले तिलक का उत्सव आज भाेर में 4 बजे मंगला आरती के बाद से ही शुरू हो गया था। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत डॉ. कुलपति तिवारी के अनुसार, पहली बार बसंत पंचमी पर बाबा का तिलक मनाया जा रहा है। शिव महापुराण, ब्रह्म वैवर्त पुराण और स्कंध पुराण के प्रसंगों के आधार पर काशी में 358 साल से महादेव का तिलकोत्सव मनाया जा रहा है।

11 वैदिक ब्राह्मणों ने किया ऋचाओं का पाठ
यह कार्यक्रम वाराणसी के विश्वनाथ गली में ​​टेढ़ीनीम स्थित विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत के आवास पर हो रहा है। पूर्व महंत डॉ. कुलपति तिवारी ने बताया, ”तिलकोत्सव के पूर्व भोर में 4 बजे से 4:30 बजे तक बाबा विश्वनाथ की पंच बदन रजत मूर्ति की मंगला आरती हुई। सुबह के 6 से 8 बजे तक 11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा चारों वेदों की ऋचाओं का पाठ हुआ। बाबा का दुग्धाभिषेक करने के बाद फलाहार का भोग अर्पित किया गया। दोपहर भोग आरती के बाद बाबा विश्वनाथ की रजत प्रतिमा का विशेष राजसी श्रृंगार किया गया। वहीं शाम 5 बजे से प्रतिमा का दर्शन भी हो रहा है।

फलाहार और ठंडई का भोग हुआ अर्पित
काशीवासी आज तिलकोत्सव पर बाबा का दुग्धाभिषेक कर रहे हैं। पूजा-पाठ के बाद फलाहार के साथ विजयायुक्त ठंडाई का भोग अर्पित किया जा रहा है। तिलकोत्सव की शोभायात्रा यहीं से टेढ़ीनीम से ही शुरू हो रही है। तिलक उत्सव के दौरान महिलाओं द्वारा मंगल गीत गाया जा रहा है।