BBAU में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़े:रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने का दूसरे पक्ष ने किया था विरोध

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)  बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में गुरुवार शाम को रामनवमी पर शोभायात्रा के दौरान छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। ABVP की ओर से निकाले जा रहे शोभायात्रा का BAPSA और AUDSU संगठन से जुड़े छात्रों ने विरोध किया। जिसके बाद जमकर बहस हुई।

इस दौरान उनके बीच मारपीट भी हुई। इसके बाद दो गुटों के छात्र वीसी आवास पहुंच गए। उन्होंने वहां पर धरना दिया। वीसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसकी सूचना जैसे ही पुलिस को मिली। आशियाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

उनके साथ पीएसी भी थी। खबर लिखे जाने तक परिसर में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। दोनों ही गुटअभी भी कुलपति आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं।

ABVP से जुड़े छात्रों का आरोप है कि BAPSA और AUDSU संगठन से जुड़े छात्रों ने शोभायात्रा से जुड़ा पोस्टर फाड़ा था। इस बात का जब उन्होंने विरोध किया तो वे बहस करने लगे। बाद में बहस बढ़कर मारपीट तक जा पहुंची। दोनों पक्षों से जुड़े छात्र एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। दलित संगठन से जुड़े छात्रों के अनुसार उनके एक साथी छात्र पर हमला किया गया है। उनकी मांग है कि मारपीट करने वाले छात्रों के खिलाफ यूनिवर्सिटी प्रशासन कार्रवाई करे।