देर रात बदमाशों ने पिता को मारी गोली, उसके दो बेटों को किया लहुलूहान

Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com) प्रयागराज में बड़ी वारदात हो गई है। गंगापार के सराय इनायत थाना क्षेत्र में दर्जन भर बदमाशों ने रविवार की देर रात ने तांडव किया। यरना कोटिया गांव में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं उसके दो बेटों को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार मचने पर ग्रामीणों की नींद टूटी और वे ललकाते हुए दौड़े। ग्रामीणों को आता देख बदमाश वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए स्‍वरूपरानी नेहरू अस्‍पताल में भर्ती कराया। पुलिस जांंच-पड़ताल और परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है।

सराय इनायत के यरना कोटिया गांव में 60 वर्षीय मिठाई लाल बिंद परिवार के साथ रहते हैं। रविवार की रात में सभी सो रहे थे। रात करीब दो बजे दर्जन भर बदमाश घर में दाखिल हुए। मिठाई लाल की पहले बदमाशों ने पिटाई की। इसके बाद उन्‍हें गोली मार दी। इसके बाद बदमाशों ने मिठाई लाल के पुत्रों अरविंद और अभिषेक को लोहे के राड से पीटने लगे। इतना मारा कि दोनों लहूलुहान हो गए।

उधर गोली की आवाज और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की नींद टूटी। ललकारते हुए वे मिठाई लाल के घर तक पहुंचे। इसी बीच अंधेरे का लाभ उठाकर बदमाश वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अरविंद और अभिषेक को तत्‍काल स्‍वरूपरानी नेहरू अस्‍पताल (एसआरएन) में भर्ती कराया। पुलिस वारदात की तहकीकात कर रही है।

बताया गया कि मिठाई लाल बिंद के बड़े बेटे अरविंद की पत्नी की मौत 2019 में हो गई थी। उसके मायके वालों ने इस मौत को हत्या बताते हुए पति अरविंद समेत सात लोगों को नामजद किया था। आरोपियों में अरविंद की गिरफ्तारी हुई थी वह ढाई माह पूर्व जेल से छूट कर घर आया है। आरोप है कि अरविंद के ससुराल वालों ने बदले की नीयत से हमला किया है। इस वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश है। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।