तालिबान के नए फरमान पर भड़के जावेद अख्तर

# ## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com) फिल्म लेखक और गीतकार जावेद अख्तर तालिबान के नए फरमान पर भड़के हुए हैं। उन्होंने ट्विट कर कहा कि तालिबान के प्रवक्ता ने दुनिया को बताया है कि महिलाएं मंत्री बनने के लिए नहीं, बल्कि घर पर रहने और बच्चे पैदा करने के लिए होती हैं, लेकिन दुनिया के तथाकथित सभ्य और लोकतांत्रिक देश तालिबान से हाथ मिलाने को तैयार हैं।

कितनी शर्म की बात है। आपको बता दें कि जावेद अख्तर लगातार अफगानिस्तान में तालिबान के आगमन के बाद महिलाओं की स्थिति को लेकर टिप्पणी करते रहते हैं। उन्होंने अफगानिस्तान में महिलाओं के लिए बनते नए माहौल पर ट्वीट किया और सभी अहम इस्लामिक संगठनों से इसके खिलाफ आवाज उठाने की उम्मीद जताई है।

दरअसल, काबुल के मेयर ने अपने नए फरमान में शहर की सभी कामकाजी महिलाओं को घर पर रहने के लिए कहा है। जिस पर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने अपना असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने सभी मुस्लिम निकायों से सामूहिक रूप से इस आदेश की निंदा करने की अपील की है।

काबुल में नगर पालिका में तीन हजार कर्मचारी काम कर रहे थे। जिनमें एक तिहाई संख्या महिलाओं की थी। अब इस नए फरमान के बाद से सभी महिलाएं नौकरी छोड़ने पर मजबूर हैं। जावेद अख्तर ने इससे पहले भी तालिबान की जमकर आलोचना की थी। तालिबान प्रवक्ता सैयद जकीरुल्लाह की ओर से महिलाओं को लेकर दिये गये बयान को लेकर भी जावेद अख्तर भड़क गये थे।