जौहर यूनिवर्सिटी कार्रवाई पर सपा युवजन सभा का प्रदर्शन, खून से लिखा ज्ञापन सौंपकर दी आंदोलन की चेतावनी

Prayagraj Zone UP

प्रतापगढ़: रामपुर की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर हो रही कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को अपने खून से लिखा ज्ञापन सौंपते हुए विश्वविद्यालय के खिलाफ चल रही ध्वस्तीकरण और जब्ती की कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हजारों छात्रों का भविष्य इस कार्रवाई से प्रभावित हो सकता है। उनका आरोप था कि शिक्षा संस्थान को नुकसान पहुंचाने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि छात्रों के हित सुरक्षित रह सकें।

सपा युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय पर हो रही कार्रवाई नहीं रोकी गई और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शनकारी जिला पंचायत परिसर से जुलूस की शक्ल में निकले। यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों और आंबेडकर चौराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में विश्वविद्यालय से संबंधित कार्रवाई पर रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई गई।