‘चलो संसद’ मार्च के बाद एक्शन में सरकार, जेपी नड्डा ने RML और लेडी हार्डिंग अस्पताल पहुंचकर घायल प्रदर्शनकारियों का जाना हाल

# ## National

नई दिल्ली: ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान घायल हुए प्रदर्शनकारियों की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार को राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल और लेडी हार्डिंग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों से मुलाकात कर घायलों के इलाज और उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने अस्पतालों में भर्ती प्रदर्शनकारियों की स्वास्थ्य स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। अस्पताल प्रशासन ने उन्हें बताया कि सभी घायल चिकित्सकीय निगरानी में हैं और उनका उपचार जारी है।

गौरतलब है कि सोमवार को प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले आयोजित ‘चलो संसद’ मार्च में हजारों लोग शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी, जिसमें कई लोग घायल हुए।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटनाक्रम में लगभग 60 प्रदर्शनकारी घायल हुए, जबकि 118 से अधिक पुलिसकर्मी, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं, चोटिल हुए।

इससे पहले सोमवार को जेपी नड्डा ने CJP के दो प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की थी। बैठक के दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार प्रदर्शनकारियों की मांगों पर आंतरिक स्तर पर विचार-विमर्श करेगी।