चीन का ट्विटर कहा जाने वाला वीबो और सर्च इंजिन ऐप बायडू बैन

Technology

(www.arya-tv.com)  चीन केे आर्थिक हितों पर मोदी सरकार ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की। 27 जुलाई को केंद्र सरकार ने 47 चीनी ऐप्स को बैन किया था। इनमें वीबो और बायडू भी शामिल हैं। इसकी जानकारी इसलिए देरी से सामने आई क्योंकि 27 जुलाई को बैन किए गए ऐप्स की लिस्ट जारी नहीं की गई थी। इसके पहले 29 जुलाई को भी सरकार ने 59 चीनी ऐप्स को बैन किया था। लेकिन, तब इनकी लिस्ट जारी की गई थी। अब वीबो और बायडू गूगल प्ले स्टोर और एपल ऐप स्टोर से भी हटा दिए जाएंगे। वीबो पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी अकाउंट है।

चीन का तगड़ा जवाब

वीबो (Weibo) और बायडू सर्च (Baidu Search) चीन के लिहाज से काफी अहम ऐप्स हैं। वीबो को ट्विटर जबकि बायडू को गूगल का विकल्प माना जाता है। सूत्रों की मानें तो सरकार अब चीन के एक और पॉपुलर ऐप पबजी को भी बैन करने पर विचार कर रही है।

मोदी ने भी बनाया था अकाउंट
वीबो को चीन के साइनो कॉर्पोरेशन ने 2009 में लॉन्च किया था। इसके करीब 50 करोड़ यूजर्स हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसे इस्तेमाल करते थे। उन्होंने चीन के इस माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म पर साल 2015 में अपनी चीन यात्रा से पहले अकाउंट बनाया था। इस पर पहली पोस्ट में मोदी ने चीन के लोगों से कनेक्ट होने होने की बात कही थी।