कोरोना को लेकर UP में बड़ी राहत:24 घंटे में महज 32 पॉजिटिव मिले, प्रयागराज में सबसे अधिक 5 केस

Health /Sanitation

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण से बड़ी राहत मिली है। शनिवार को बीते 24 घंटे के भीतर 2.51 लाख से ज्यादा टेस्ट हुए, जिसमें महज 32 नए पॉजिटिव केस मिले। वहीं, 48 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके बाद अब प्रदेश में एक्टिव केस 712 बचे हैं। राहत की बात यह भी रही कि 24 घंटे के भीतर एक भी मरीज की जान नहीं गई। यह 26 जुलाई के बाद दूसरा मौका है जब प्रदेश में मौतों की संख्या शून्य रही। वहीं शुक्रवार को 4 मरीजों की मौत हुई थी। आज सर्वाधिक मरीज 5 प्रयागराज में मिले हैं। प्रदेश में अब तक 16,84,973 लोग कोरोना से उबर चुके हैं। वहीं, अब तक कुल 6,55,02,631 टेस्ट हो चुके हैं। जिसमें से अब तक 17,08,441 पॉजिटिव केस मिले।

55 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि 20 जिलों में सिंगल डिजिट में मरीज पाए गए। सरकार का दावा है कि यूपी के 9 जिलों में कोरोना के एक भी मामले नहीं है। इन जिलों में अलीगढ़, अमरोहा, एटा, हाथरस, कासगंज, कौशांबी, महोबा, मुरादाबाद और श्रावस्ती शामिल हैं। वर्तमान में रिकवरी रेट 98.6 फीसदी हो गया है।

दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी

जिन राज्यों में साप्ताहिक संक्रमण दर 3 फीसदी तक है, वहां से आने वाले लोगों की आरटीपीसीआर (RT-PCR) रिपोर्ट यूपी में अनिवार्य है। यदि दूसरे राज्यों से आए लोगों के पास वैक्सीन की दोनों डोज का प्रमाणपत्र है, तो उन्हें जांच की जरूरत नहीं है। हालांकि बाहर से आने वाले लोगों को 7 दिन के लिए क्वारैंटाइन रहने की सलाह दी गई है। ये राज्य मेघालय, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, गोवा, उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, केरल हैं।

अब तक 4.87 लाख को लगी कोरोना की वैक्सीन

शुक्रवार को प्रदेश में 4 लाख 33 हजार 110 लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई गई है। इसके लिए 3 हजार 653 केंद्र बनाए गए थे। अब तक प्रदेशभर में कुल 4 करोड़ 67 लाख 80 हजार 980 डोज लगाई जा चुकी हैं। इसमें 3 करोड़ 91 लाख 85 हजार 216 को पहली डोज लगी है। जबकि 75 लाख 95 हजार 764 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है।

लखनऊ में मेगा वैक्सीनेशन कैंप

राजधानी लखनऊ में 3 अगस्त को मेगा वैक्सीनेशन दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान 75 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिन राजधानी के ज्यादातर इलाकों में वैक्सीन का शिविर लगाया जाएगा। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि 3 अगस्त को मेगा वैक्सीनेशन दिवस मनाया जाएगा। इस दिन 75 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें लगभग आठ हजार कोवैक्सीन लगाई जाएगी। बाकी 67 हजार लोगों को कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जाएगी। जिसके लिए रविवार को स्लॉट भी खोला जाएगा। सुबह आठ से शाम पांच बजे तक शिविर चलेगा और मौके पर पंजीकरण होगा। पंजीकरण के तुरंत बाद टीका भी लगाया जाएगा। वैक्सीनेशन के लिए लोगों को सिर्फ आधार कार्ड लाना होगा।