तिलक समारोह में खाने की प्लेट उठाने पर झगड़ा, लड़की के फूफा को चाकुओं से गोदकर मार डाला

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बाकरगंज इलाके में तिलक समारोह में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खाने की प्लेट को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने लड़की के फूफा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। चाकुओं के हमले में चार लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी भगवान दास को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया है।

नशे में आरोपियों ने चलाए चाकू
जानकारी के मुताबिक नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बाकरगंज में लालता प्रसाद के बेटे रणवीर कश्यप के लगन का कार्यक्रम था| इसी दौरान खाने की प्लेट को लेकर लड़के पक्ष के भगवान दास और उसके अन्य चार साथियों शराब के नशे में हंगामा शुरू कर दिया।

इस दौरान झगड़ा इतना बढ़ गया कि उन्होंने चाकुओं से कार्यक्रम में आए मेहमानों पर हमला कर दिया। झगड़े के दौरान लड़की के फूफा मंसाराम पर चाकुओं से कई वार किए। इससे उनकी मौत हो गई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया| इस घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है|

गांव का माहौल तनावपूर्ण
इस घटना के बाद से गांव का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। एहतियातन गांव में पुलिसबल को भी तैनात कर दिया गया है। एसपी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि नवाबगंज के गांव बाकरगंज में बीते रात लालता प्रसाद के बेटे रणवीर कश्यप का तिलक लेकर बहेड़ी थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा से रामकुमर आये थे।

रात में खाने के समय विवाद में लड़के पक्ष के भगवान दास और उनके साथियों ने शराब के नशे में लड़की के फूफा मंसाराम को चाकू मार दिया। जिससे मंसाराम की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने भगवान दास को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है | पुलिस भगवान दास के अन्य साथियों को भी तलाश कर रही है। पुलिस ने घटना के सम्बन्ध में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।