पिता ने ली पुत्र की जान, घरेलू झगड़े में लाइसेंसी बंदूक से किया फायर

Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com) यूपी के कौशांबी जनपद में बड़ी घटना हुई। एक पिता ने अपने ही पुत्र पर फायर कर दिया। मंगलवार की दोपहर इस घटना में पिता के लाइसेंसी बंदूक से निकली गोली से बेटा गंभीर रूप से जख्‍मी हो गया है। उसके सीने और गर्दन में गोली लगी थी। पुलिस ने उसे जिला अस्‍पताल में भर्ती कराया। हालांक‍ि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित पिता फरार है। पुलिस उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है।

कौशांबी जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र में यह ह्दय विदारक घटना हुई। पिपरी के फतेहपुर सहावपुर गांव निवासी शिव नारायण सिंह खेती किसानी करते हैं। शिव नारायण सिंह के दो बेटे राकेश सिंह और बृजेंद्र सिंह उर्फ शेरवानी हैं। छोटा बेटा राकेश पिछले दिनों सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसका इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है।

आज यानी मंगलवार की दोपहर करीब 12:30 बजे घर पर शिव नारायण सिंह और उनका बड़ा बेटा बृजेंद्र सिंह उर्फ शेरवानी मौजूद थे। किसी बात को लेकर पिता और पुत्र में विवाद हो गया। बात बढ़ी तो शिव नारायण सिंह आवेश में आ गया। उसने आव देखा न ताव अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली। जब तक बृजेंद्र व घरवाले कुछ समझ पाते, शिव नारायण ने बृजेंद्र पर फायर कर दिया। गोली उसके सीने और गर्दन में गोली लग गई।

गोली लगने से लहूलुहान होकर बृजेंद्र जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी पहुंचे। इसी बीच सूचना पाकर पहुंची पिपरी थाने की पुलिस ने बृजेंद्र को तत्‍काल सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र चायल ले गई। हालत गंभीर देख चिकित्‍सकों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। वहां इलाज के बाद कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

उधर गोली मारने के बाद शिव नारायण सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। बृजेंद्र की मौत से परिवार में गमगीन माहौल है।